चार साल से टूटा है सुरहर नदी पर बना पुल, आवागमन बाधित
इमामगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के नारायणपुर में सुरहर नदी पर बना पुल टूटा है।
गया। इमामगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरिया प्रखंड के नारायणपुर में सुरहर नदी पर बना पुल टूट जाने से आवागमन बाधित है। नदी पार कर व्यवसाय और शिक्षा ग्रहण करने के लिए लोग नारायणपुर बाजार आते हैं। 2006 में 16 लाख की लागत से सुरहर नदी पर पुल बना था। पुल का निर्माण तत्कालीन विधायक के कोटे की राशि से कराया गया था। 2014 में नदी में अधिक पानी आने से पुल का पाच पाया क्षतिग्रस्त हो गया था। आठ साल बाद ही पुल के क्षतिग्रस्त हो जाने पर क्षेत्र के लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है की पुल निर्माण में बरती गई अनियमितता के कारण पुल टूट गया। चार वर्षों से पुल टूटा है। इस टूटे पुल से मंत्रियों के वाहन कई बार पार गुजरे हैं, प्रशासन भी इस टूटे पुल से बेखबर नहीं है। झारखंड राज्य को जोड़ने वाले नारायणपुर पुल पर किसी का ध्यान नहीं है। चोन्हा, रामपुर, कोढ़ी, सैलिया, बागपुर, नाइगढ़, नवादा, पाननवातड़, नारायणपुर गांव के लोग टूटे पुल के कारण समस्या झेल रहे हैं।