भभुआ में मुंडेश्वरी मंदिर जाने वाले रास्ते की दीवार से बोलेरो टकराई, दंपती हुए घायल
शुक्रवार को औरंगाबाद जिले के न्यू ज्ञान पुरी कॉलोनी के रहने वाले दंपती चंदन सिंह व पत्नी ज्योति देवी भी घायल हो गए। दोनों बोलेरो से मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। रास्ता संकीर्ण होने के कारण बोलेरो रास्ते के दीवार से टकरा गई।
जासं, भभुआ: मां मुंडेश्वरी मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते में नवरात्र के समय काफी वाहनों का आना-जाना हो रहा है। इस दौरान वाहनों को लेकर आने-जाने वाले लोग लापरवाही भी कर रहे हैं। इसी तरह लापरवाही के चलते शुक्रवार को औरंगाबाद जिले के न्यू ज्ञान पुरी कॉलोनी के रहने वाले दंपती चंदन ङ्क्षसह व पत्नी ज्योति देवी भी घायल हो गए। दोनों बोलेरो से मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। रास्ता संकीर्ण होने के कारण बोलेरो रास्ते के दीवार से टकरा गई। इसमें पत्नी ज्योति को गंभीर चोट लग गई।
वही चंदन सिंह भी घायल हुए। दोनों घायलों का इलाज धाम परिसर स्थित न्यू गंगा -जमुना हॉस्पिटल के चिकित्सक ए. के. चतुर्वेदी द्वारा किया गया। बता दें कि माता मुंडेश्वरी धाम में शारदीय व चैत्र नवरात्र में माता का दर्शन करने के लिए जिले के अलावा अन्य जिलों के साथ-साथ दूसरे प्रदेशों के लोगों की भीड़ होती है। जिला प्रशासन और धार्मिक न्यास परिषद के दिशा निर्देश के बावजूद भी दर्शन करने वाले लोग दो या चार पहिया वाहनों से मंदिर तक जाते हैं। वाहन मंदिर तक ले जाने के दौरान रास्ता संकीर्ण होने के कारण पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पास्ता संकीर्ण होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इसके बावजूद भी वाहन परिचालन करने वाले श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिसर में वाहनों को ले जाया जा रहा है। इतना ही नहीं मोटरसाइकिल पर एक साथ तीन तीन लोग बैठ कर पहाड़ी की चढ़ाई चढ़ कर मंदिर परिसर तक पहुंच रहे हैं। इससे कभी भी खतरा हो सकता है।