Gaya Crime: गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज में मिला अज्ञात युवक का शव, धड़ से अलग पड़ा था शरीर
गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज में एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया है। उसका सिर और धड़ अलग था। जहानाबाद रेल पुलिस शव को साथ ले गई। आशंका है कि हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज के पाली गांव के समीप रविवार की सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। धड़ से उसका सिर अलग पड़ा था। आशंका है कि अन्यत्र हत्या कर घटना को हादसे का स्वरूप देने के लिए शव को रेल ट्रैक पर फेंका गया है। सूचना पर जहानाबाद रेल पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई।
बताया जाता है कि पाली गांव के समीप ट्रैक पर लोगों की नजर पड़ी। शव पड़े होने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। हालांकि मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इस बीच इसकी सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा जहानाबाद जीआरपी पहुंची। इसके बाद रेल पुलिस शव को ले गई। युवक के शरीर पर जिंस और पीले रंग का टी शर्ट था। कुछ लोगों का कहना था कि ट्रेन से गिरने के बाद पहिए के नीचे गर्दन आने की वजह से हादसा हुआ है। बहरहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है।