जिन सीटों पर हारे हैं भाजपा प्रत्याशी, वहां की जाएगी धन्यवाद सभा, सरकार के एक मंत्री होंगे शामिल
औरंगाबाद में सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों की हार पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में कार्यकर्ताओं ने कई पार्टी नेताओं पर सवाल खड़े किए। कहा कि उनकी वजह से ही पार्टी की हार हुई है।
जेएनएन, औरंगाबाद। विधानसभा चुनाव के परिणाम पर भाजपा में मंथन शुरू हो गया है। इस क्रम में गुरुवार को जिला भाजपा (BJP) कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने विधानसभा चुनाव (Assembly Election) परिणाम को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में भाजपा व एनडीए (NDA)की सभी छह विधानसभा क्षेत्र में हुई हार की समीक्षा की गई।
कार्यकर्ताओं ने पार्टी के कुछ नेताओं पर उठाए सवाल
औरंगाबाद एवं गोह में पार्टी के प्रत्याशी की हुई हार की समीक्षा के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने कतिपय पार्टी नेताओं के खिलाफ स्वर उठाया। पार्टी के कार्यकर्ता प्रमोद सिंह, रामकरण सिंह समेत अन्य ने कहा कि अपने दल के ही कुछ नेताओं के विरोध के कारण औरंगाबाद विधानसभा में पार्टी की हार हुई है। अगर दल के नेताओं की यही हालत रही तो जिले में संगठन में विवाद बना रहेगा। एक नेता चुनाव में दूसरे का विरोध करते रहेंगे। इसमें पार्टी की हार होती रहेगी। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में भले ही भाजपा व एनडीए को कम सीटें आई हैं पर राज्य में सरकार बनी है।
जहां हारे वहां की जाएगी धन्यवाद सभा, एक मंत्री जाएंगे क्षेत्र में
भाजपा के प्रत्याशी जिस विधानसभा क्षेत्र में हारे हैं उस क्षेत्र में धन्यवाद सभा की जाएगी। मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा। जिस विधानसभा क्षेत्र में हारे हैं वहां संगठन को विशेष रुप से मजबूत बनाया जाएगा। सरकार के एक मंत्री को हारे हुए विधानसभा क्षेत्र में भेजा जाएगा। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को सशक्त किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने जिले के सभी पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने को कहा। कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र में हार हुई है उससे सबक लेते हुए आगे के लिए बेहतर ढंग से काम करना है। अगला चुनाव जीतने का लक्ष्य रखना है। अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा व संचालन महामंत्री राजकुमार सिंह ने किया। एमएलसी राजन कुमार सिंह, पूर्व मंत्री रामाधार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विनय शर्मा के अलावा पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।