Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव: छह यात्री घायल, कई ने रद की यात्रा

    By Sanjeev TiwariEdited By:
    Updated: Tue, 29 May 2018 09:45 PM (IST)

    गया में सियालदह से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर किए गए पथराव में कई यात्री घायल हो गए। हालांकि, आंशिक मरम्मत के बाद ट्रेन को करीब एक घंटा विलंब से रवाना कर दिया गया।

    बिहार में राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव: छह यात्री घायल, कई ने रद की यात्रा

    गया [जेएनएन] । सियालदह से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस पर गया के मानपुर स्टेशन के पास सोमवार देर रात किए गए पथराव से ट्रेन की बोगियों की खिड़की के शीशे टूट गए। पथराव के बाद अफरातफरी मच गई। इसमें आधा दर्जन यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा भी रद कर दी। हालांकि, आंशिक मरम्मत के बाद ट्रेन को करीब एक घंटा विलंब से 11.50 बजे रात में रवाना कर दिया गया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घटना के पीछे की वजह एक दूसरी ट्रेन के यात्रियों का आक्रोश है। दरअसल, इससे पहले गया से हावड़ा जा रही ट्रेन को मानपुर जंक्शन पर एक घंटे से रोककर रखा गया था, क्योंकि पुलिया निर्माण में लगा क्रेन टूट जाने से ट्रैक बाधित था। यह घटना शाम सात बजे की है। आक्रोशित यात्रियों ने जंक्शन पर पथराव कर दिया। आरपीएफ के पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित हुई। इस ट्रेन को ट्रैक क्लीयर होने के बाद रात 12 बजे के करीब चलाए जाने का निर्णय लिया गया।

    इस बीच राजधानी एक्सप्रेस करीब 10.35 बजे यहां से गुजरने लगी तो वहां मौजूद आक्रोशित यात्री इस पर पत्थर बरसाने लगे। हालांकि, यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें असामाजिक तत्वों का हाथ तो नहीं। आरपीएफ इंस्पेक्टर इसकी छानबीन कर रहे हैं।
    यात्रियों ने बताया कि ट्रेन की लगभग सभी बोगियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। राजधानी एक्सप्रेस का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया। बी थ्री बोगी में यात्रा कर रहे रविशेखर, नेहा गुप्ता और शोभा गुप्ता बच्चे के साथ सियालदह से दिल्ली जा रहे थे। इन्हें भी चोट आई। इनलोगों ने अपनी यात्रा रद कर दी। उन्होंने कहा कि ट्रेन में कोई सुरक्षा नहीं है, ऐसे में कैसे यात्रा की जा सकती है?

    हालांकि, देर रात तक रेल प्रशासन यह जानकारी नहीं दे पा रहा था कि राजधानी एक्सप्रेस के कितने यात्रियों ने यात्रा रद की है और असली कारण क्या है?

    comedy show banner
    comedy show banner