यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar: गया में बालू तस्करों ने किया पुलिस पर हमला, पथराव में थानाध्यक्ष समेत दो जवान घायल
Bihar News गया में बालू तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दिया। हमले में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और एक जवान ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गया: गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौतम बुद्ध आश्रम के समीप बालू तस्करों ने पुलिस पर हमला कर दिया है। पुलिस पर हमले में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं एक जवान घायल हुए हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है प्रतिबंधित बालू को लेकर ट्रैक्टर से तस्कर गया शहर के बागेश्वरी गुमटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थानाध्यक्ष ने बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बालू तस्करों ने करीब 1 किलोमीटर तक पुलिस को दौड़ाया।
बालू तस्करों ने किया पथराव
पुलिस ने भी जज्बे को कायम रखते हुए ट्रैक्टर को पकड़ने में सफलता हासिल की। ट्रैक्टर पकड़े जाने के बाद बालू तस्करों की ओर से लगातार पथराव होता रहा। इसी पथराव में थानाध्यक्ष को चोट लगी है।

इसके बाद बालू तस्करों ने कई बार पुलिस पर हमला और पथराव किया। घटना की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक पीएन साहू पहुंचे। सर्च अभियान के दौरान एक बालू तस्कर को पकड़ा भी गया है। हालांकि, पूरा गिरोह पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।
फिलहाल माहौल शांत
घटना की सूचना पर डेल्हा थाना पुलिस को सहयोग करने के लिए कोतवाली थाना अध्यक्ष बवन बैठा, सिविल लाइन थाना अध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, दंगा निरोधक दस्ता के जवान और 112 नंबर की पुलिस की गाड़ियां पहुंची। फिलहाल माहौल शांत है। हालांकि, बालू तस्कर पुलिस की कार्रवाई पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
