Bihar Panchayat Chunav 2021: हथकड़ी पहनकर आया युवक, बेलागंज में मुखिया पद का किया नामांकन
व्यापक पुलिस बंदोबस्त के बीच हाथ में हथकड़ी लगे युवक को नामांकन के लिए लाया गया। बेलागंज व मेन थाना के विभिन्न कांडों का नामजद आरोपित कौशल शर्मा को पुलिस ने एक पखवारा पहले गिरफ्तार किया था। कोरमथु पंचायत के मुखिया पद के लिए नामांकन
बेलागंज (गया), संवाद सूत्र। मंगलवार को दोपहर बाद प्रखंड मुख्यालय स्थित नामांकन केंद्र पर अफरातफरी का माहौल बन गया। जब हाथ में हथकड़ी लगे एक युवक को कुछ पुलिस बल अपने साथ लाए। उसने पुलिस अभिरक्षा में मुखिया पद पर अपना नामांकन दाखिल किया।
बेलागंज व मेन थाना के विभिन्न कांडों का नामजद आरोपित कौशल शर्मा को पुलिस ने एक पखवारा पहले गिरफ्तार किया था। वह अभी न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारागार गया में बंद है। मंगलवार को न्यायालय के निर्देश के पर पुलिस अभिरक्षा में वह कोरमथु पंचायत के मुखिया पद के लिए नामांकन करने प्रखंड मुख्यालय पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में उसके समर्थकों का हुजूम जुटा हुआ था। वहीं, व्यापक पुलिस बंदोबस्त के बीच हाथ में हथकड़ी लगे युवक को नामांकन के लिए लाया गया। प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश के उपरांत पुलिस अभिरक्षा में कौशल शर्मा ने कोरमथु पंचायत से मुखिया पद हेतु अपना नामांकन दाखिल किया।
भीड़ पर नहीं चला पुलिस का वश
गया जिले के टिकारी प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन के पहले दिन ही जमा हुई समर्थकों की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस विफल रही। अनुमंडल कार्यालय और प्रखंड कार्यालय के आसपास मनाही के बावजूद भी समर्थकों की भीड़ जुटी रही। नतीजा रहा कि धारा 144 के बाद भी भीड़ कार्यालय के गेट पर और आस पास जमा हो गई। पुलिस द्वारा ब्लाक मोड़ के समीप आम राहगीरों व आवश्यक कार्य से जाने वाले लोगो को भी रोक दिया गया। लोगों से दो बजे दोपहर के बाद आने को कहा गया। जानकारी हो कि ब्लाक मोड़-कालेज मोड़ के बीच कई सरकारी कार्यालय, एक डिग्री कालेज और दो निजी स्कूल भी स्थित है। इस रोड में कई लोगों का घर भी है। अगल-अलग कामों से सरकारी कार्यालय जा रहे लोगों को ड्रॉप गेट पर पुलिस ने तो रोक लिया लेकिन भीड़ को कंट्रोल करने में पसीना छूट गया। कार्यालय के दो सौ मीटर की परिधि में धारा 144 लगा है। इसके बाद भी पुलिस की मौजूदगी में बड़ी संख्या में लोग एक स्थान पर जुटे रहे। जबकि अनुमंडल दंडाधिकारी के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि छह सितंबर से 18 सितंबर तक कार्यालय के दो सौ मीटर की परिधि में एक साथ चार से अधिक लोग समूह बनाकर रहने व चलने पर प्रतिबंध रहेगा।