Bihar Panchayat Chunav 2021: छठें चरण के चुनाव के बाद रोटेशन के आधार पर गया के प्रखंडों में पहुंचेगी मतपेटिकाएं
Bihar Panchayat Chunav 2021 गया में पंचायत चुनाव को लेकर 4588 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर इवीएम व मतपेटिका से मतदान होंगे। पहले से पांचवे चरण तक के सभी चुनाव के लिए मतपेटिकाएं पर्याप्त हैं। छ्ठे चरण के चुनाव से रोटेशन के आधार पर मतपेटिकाएं पहुंचेंगी।
गया, जागरण संवाददाता। जिले में पंचायत चुनाव को लेकर हर तरह की तैयारियां चल रही हैं। पहले चरण के नामांकन का आज अंतिम दिन है। मंगलवार से टिकारी व गुरारू में दूसरे चरण के चुनाव को लेकर नामांकन शुरू हो गया है। इस बीच मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम, मतपेटिकाओं की भी तैयारी संबंधित कोषांग के जरिए की जा रही है। जिले भर में पंचायत चुनाव को लेकर 4588 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर ईवीएम व मतपेटिका से मतदान होंगे। मतपेटिकाओं की बात करें तो 8560 बक्शा की जरूरत है। इस बीच जिला प्रशासन की जो तैयारी है उसके अनुसार पहले से पांचवे चरण तक के सभी चुनाव के लिए मतपेटिकाएं पर्याप्त हैं। इसके बाद संभावित है कि छ्ठे चरण के चुनाव से रोटेशन के आधार पर हर दूसरे प्रखंड तक मतपेटिकाएं पहुंचेंगी। यानि एक प्रखंड में मतदान व मतगणना खत्म होने के बाद इस्तेमाल हुए मतपेटिका को आगे के प्रखंड में चुनाव के लिए भेज दिया जाएगा।
छठे चरण में बांकेबाजार, आमस व शेरघाटी में चुनाव
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि छठे चरण से रोटेशन के आधार पर मतपेटिकाएं दूसरे क्षेत्रों तक सुरक्षित पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 8560 मतपेटिका उपलब्ध हैं, जो मतदान के लिए पर्याप्त है। गौरतलब है कि जिले में छठे चरण का चुनाव बांकेबाजार, आमस व शेरघाटी में होना है। सातवें चरण में डोभी, टनकुप्पा व बोधगया प्रखंड में चुनाव है। यहां से मतपेटिकाएं बारी-बारी से आगे के चरण के चुनाव में इस्तेमाल में लाई जाएगी।
आखिरी दिन 218 ने किया नामांकन दाखिल
गया के बेलागंज प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के नामांकन के आखिरी दिन बेलागंज में विभिन्न पदों के लिए कुल 218 महिला-पुरूष प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस प्रकार छह दिनों तक चले नामांकन प्रक्रिया में कुल 2085 अभ्यर्थियों ने विभिन्न पदों के लिए अपना नामांकन किया। प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ कुंदन कुमार ने बताया कि नामांकन के आखिरी दिन पंचायत समिति के लिए 10 महिला एवं 10 पुरुषों ने नामांकन किया। वहीं मुखिया के लिए 10 महिला एवं 11 पुरुष, सरपंच के लिए 5 महिला और 6 पुरूष, पंच के लिए 62 महिला एवं 34 पुरुष और वार्ड सदस्य के लिए 44 महिला एवं 26 पुरुषों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। कुल मिलाकर पंचायत समिति से महिला-84 व 94 पुरूष, मुखिया के लिए महिला-120,पुरूष-92, सरपंच पद हेतु महिला-41,पुरूष-53, पंच हेतु महिला-270, पुरूष-156 एवं वार्ड सदस्य के लिए महिला 606,पुरूष 569 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन किया।