Move to Jagran APP

Aurangabad Panchayat Chunav: मतदान के दौरान बिसेनी बूथ पर पथराव और फायरिंग, मचा हड़कंप

पहले चरण का सदर प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान शुक्रवार को नौगढ़ पंचायत के उर्दू मध्य विद्यालय बिसेनी गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 144 एवं 145 पर तैनात पुलिस एवं दंडाधिकारी पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पथराव के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग की।

By Prashant KumarEdited By: Published: Fri, 24 Sep 2021 04:02 PM (IST)Updated: Fri, 24 Sep 2021 04:02 PM (IST)
Aurangabad Panchayat Chunav: मतदान के दौरान बिसेनी बूथ पर पथराव और फायरिंग, मचा हड़कंप
हालात का जायजा लेने पहुंचे एसपी कांतेश मिश्र। जागरण।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। जिले में पहले चरण का सदर प्रखंड क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान शुक्रवार को नौगढ़ पंचायत के उर्दू मध्य विद्यालय बिसेनी गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 144 एवं 145 पर तैनात पुलिस एवं दंडाधिकारी पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पथराव के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग की। पुलिस की तरफ से करीब आठ चक्र फायरिंग करने की बात बताई जा रही है। ग्रामीणों की तरफ से भी फायरिंग करने की बात कही है। पथराव व फायरिंग करने का आरोप मुखिया प्रत्याशी संध्या देवी के पति पंकज यादव एवं उनके समर्थकों पर है। हालांकि मुखिया प्रत्याशी के समर्थकों ने फायरिंग करने की घटना से इंकार किया है। पथराव के दौरान मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई। मतदान कुछ समय के लिए बंद हो गया। पथराव के बाद मतदान केंद्र पर तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी वाहन पर सवार होकर भाग खड़े हुए।

loksabha election banner

घटना की सूचना मिलते ही डीएम सौरभ जोरवाल, एसपी कांतेश कुमार मिश्रा, एसडीएम विजयंत कुमार, एसडीपीओ गौतम शरण ओमी, मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार, गोह थानाध्यक्ष समीम अहमद, गोह सीओ मुकेश कुमार समेत अन्य अधिकारी काफी मात्रा में पुलिसबल के साथ पहुंचे। डीएम एवं एसपी ने घटना की जानकारी ली। गांव में छापामारी की। पथराव करने वालों को धर पकड़ कर कार्रवाई की। इस दौरान गांव से छह लोगों को पकड़ा गया है। पकड़े गए लोगों में पहरामा गांव निवासी अरुण पासवान, वार्ड सदस्य प्रत्याशी इख्तेखार खां, मो. मोनाजिर, सुनिल शर्मा, नगर थाना क्षेत्र के टिकरी मोड़ आजाद नगर निवासी मो. साहिल एवं झारखंड के पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना के सैदाबाद गांव निवासी सूरज कुमार शामिल है।

डीएम ने बताया कि मतदान केंद्र को ग्रामीणों के द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया गया। पथराव किया गया। मतदान केंद्र पर भीड़ व स्थिति गंभीर हो जाने के बाद पुलिस के द्वारा हवाई फायरिंग की गई है। कितनी राउंड फायरिंग की गई है इसकी जानकारी डीएम ने नहीं दी। बताया कि जांच के बाद यह पता चलेगा। डीएम ने बताया कि मतदान केंद्र पर पथराव व गड़बड़ी करने वाले की पहचान कर ली गई है। सेक्टर दंडाधिकारी को मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है। उधर चुनाव के दौरान उंथू मतदान कंद्र संख्या 48 एवं 49 पर ग्रामीणों व पुलिस के बीच हल्की झड़प होने की सूचना मिली है। हालांकि सेक्टर दंडाधिकारी ने झड़प की घटना से इंकार किया है।

बताया जाता है कि बिसेनी मतदान केंद्र पर जैसे ही मुखिया प्रत्याशी के पति पहुंचे कि एक महिला सिपाही से विवाद हो गया। महिला सिपाही से विवाद होने के बाद अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे और मुखिया प्रत्याशी के पति की पिटाई कर दी। इसी घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ा और पथराव कर दिया। बताया गया कि अगर महिला पुलिसकर्मी के द्वारा थोड़ा संयम बरती जाती तो यह घटना नहीं होती। उधर महिला पुलिसकर्मी ने एसपी को बताया कि मुखिया प्रत्याशी के पति मतदान केंद्र पर पहुंच गड़बड़ी करने लगे। मना करने पर वर्दी उतरवा लेने की धमकी दी। मतदान केंद्र से हट जाने को कहा गया तो विवाद कर दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.