औरंगाबाद: सड़क की नारकीय स्थिति से आक्रोशित ग्रामीणों का प्रदर्शन, चार वर्षों से स्थिति है खराब
स्टेशन से बघोई बाजार जाने वाली सड़क नरक में तब्दील हो गया है। सड़क का अस्तित्व समाप्त हो गया है। सड़क पर कीचड़ रहता है जिस कारण आने-जाने में परेशानी होती है। चार वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : सड़क की जर्जर स्थित से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को सदर प्रखंड के बघोई बाजार में प्रदर्शन किया। सड़क निर्माण को लेकर नारेबाजी की। चार वर्षों से सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर है। प्रत्येक दिन दुर्घटना होते रहती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का पुतला फूंक विरोध जताया। कहा कि अगर प्रदर्शन क बावजूद सड़क नहीं बनीं तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
जर्जर सड़क की स्थिति
स्टेशन से बघोई बाजार जाने वाली सड़क नरक
ग्रामीण परमेश्वर गोप, सुबोध कुमार, डा. विजय कुमार, इंद्रजीत कुमार ने कहा कि स्टेशन से बघोई बाजार जाने वाली सड़क नरक में तब्दील हो गया है। सड़क का अस्तित्व समाप्त हो गया है। सड़क पर कीचड़ रहता है जिस कारण आने-जाने में परेशानी होती है। चार वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। सभी जनप्रतिनिधियों एवं डीएम से लेकर अधिकारियों को सूचना है परंतु किसी का ध्यान नहीं है। जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते ग्रामीण थक गए हैं। इस सड़क से 50 से 60 गांव के ग्रामीण यात्रा करते हैं।
दो घंटे तक सड़क जाम रहा
प्रमुख से लेकर सभी को इसकी जानकारी है परंतु किसी का ध्यान नहीं है। अगर ध्यान नहीं दिया गया तो इस सड़क के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बघोई गांव के अलावा दूसरे गांव के ग्रामीण शामिल थे। प्रदर्शन के कारण करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहा। प्रदर्शन में चिराग पासवान, सुधीर कुमार, रवि कुमार, शिव पासवान, मुकेश पासवान, रंजय कुमार शामिल रहे।