बिहार के गया में थानेदार पर हमला, दो अन्य पुलिसकर्मी भी जख्मी... जानें पूरा मामला...
बिहार के गया जिले में अब थानेदार पर हमला हो गया है। लोगों के इस हमले में थानेदार समेत दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए हैे।
गया, जेएनएन। बिहार के गया जिले में अब थानेदार पर हमला हो गया है। लोगों के इस हमले में थानेदार समेत दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हो गए हैे। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। एसडीओ वहां पर कैंप कर रहे हैं। मामला इमामगंज का है। घटना के बाद से ही सारे आरोपी फरार हैं। सुहैल सलैया थाने की पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी व पत्थर से हमला बोला।
सुहैल सलैया गांव में एक जमीन विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। उसी मामले में जगदीश भारती सहित आठ लोगों के खिलाफ कोर्ट से वारंट जारी हुआ था। कुछ को पकडऩे व कुछ को जमानत के लिए नोटिस देने गए थे। सलैया गांव थाना से मात्र आधा किमी दूरी पर है। थाना नजदीक होने के कारण एसआइ सिकंदर पासवान और सिपाही पंकज कुमार दास पैदल ही गए। कम पुलिस बल होने के कारण वारंटी और उसके परिजन ने दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। एसआइ ने इसकी जानकारी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह को दी।
थानाध्यक्ष भी बाइक से मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने लाठी-डंडे व पत्थर से हमला शुरू कर दिया। इसमें तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। थानाध्यक्ष अजय कुमार का बायां हाथ टूट गया है। उनका इलाज सलैया में निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। एसआइ सिकंदर पासवान और सिपाही पंकज कुमार को सिर व हाथ में गंभीर चोटें आई है। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इमामगंज में भर्ती कराया गया। यहां से सिपाही पंकज कुमार को डॉक्टर ने मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया।
एसडीपीओ अजीत कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल लिया। घटना के बाद सभी वारंटी घर छोड़कर भाग गए हैं। हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।