'भाजपा को हमने अवध में हराया, आप मगध में हराएं', गयाजी में अखिलेश यादव ने भरी हुंकार
बेलागंज में महागठबंधन की चुनावी सभा में अखिलेश यादव ने भाजपा और जदयू पर हमला बोला। उन्होंने जनता से तेजस्वी ...और पढ़ें
-1762276015120_m.webp)
जनसभा को संबोधित करते अखिलेश यादव। (जागरण)
HighLights
अखिलेश ने भाजपा-जदयू पर साधा निशाना
तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने की अपील
बोधगया में अखिलेश ने किया संबोधित
संवाद सूत्र, बेलागंज (गया)। बेलागंज विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को आयोजित महागठबंधन की चुनावी सभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और जदयू पर तीखा हमला बोला।
महागठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा का आयोजन किया गया था। सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को हमने अवध में हराया, अब आप लोग मगध में हराइए। तब युवा तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य और युवाओं की उम्मीदों का चुनाव है। अगर सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा और एक नया ऊर्जावान नेतृत्व बिहार को विकास की नई दिशा देगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार और केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीस साल से बिहार और ग्यारह साल से देश में भाजपा-जदयू की सरकार है, लेकिन आज भी बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी यादव सरकार में थे, तब युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, मगर भाजपा ने साजिश के तहत सरकार गिरा दी।
भाजपा के एजेंडे में युवाओं को सरकारी नौकरी देना कभी रहा ही नहीं। बिहार की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। अब नीतीश कुमार नहीं पलटेंगे, बल्कि जनता पलट देगी। अखिलेश यादव ने जनता से अपील की कि वे तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाएं, ताकि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी नई सोच और आधुनिक विकास का मॉडल लागू किया जा सके।
सभा के दौरान राजद सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव समेत कई स्थानीय नेताओं ने संबोधित किया और महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
बोधगया में भी किया संबोधित
वहीं, महागठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बोधगया विधानसभा क्षेत्र के टनकुप्पा प्रखंड के बड़ैला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया।
सभा की शुरुआत में उन्होंने कहा कि बोधगया की धरती शांति और सत्याग्रह की धरती है। मैं यहां आकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। बिहार में बदलाव की बयार बह रही है और इस बार तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। नई उम्र का मुख्यमंत्री बनेगा तभी बिहार का विकास होगा।
