Aurangabad Crime News: पिटाई से घायल बुजुर्ग महिला की मौत के बाद लोगों ने किया सड़क जाम, तीन घंटे तक ठप रखा आवागमन
गोह थाना क्षेत्र के तुलसी बिगहा गांव में अज्ञात हमलावरों की पिटाई से जख्मी बुजुर्ग महिला ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। इसके बाद स्वजन व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। वे मुआवजा दिए जाने व कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
जेएनएन, औरंगाबाद। गाेह थाना क्षेत्र के तुलसी बिगहा गांव में अपराधियों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग महिला ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित लोगों ने जगतपति चौक पर शव रख दाउदरनगर एवं रफीगंज-उपहरा पथ को जाम कर दिया। टायर जला कर आवागमन ठप कर दिया। दोषी पर कार्रवाई के साथ मुआवजा दिए जाने की मांग वे कर रहे थे। करीब तीन घंटे तक लोगों ने सड़क जाम रखा। पुलिस ने जाम हटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
अज्ञात हमलावरों ने की थी पिटाई- तुलसी बिगहा गांव के स्व तेतर यादव की पत्नी 65 वर्षीय गंगिया देवी रविवार को लगभग 10 बजे घर से खाना खाकर अपनी भैंस चराने तुलसी बिगहा गांव के बधार स्थित झुंड गोरईया के समीप नहर पर गई थी। शाम 5 बजे तक घर वापस नहीं आईं तब उनके पुत्र धरीक्षण यादव व ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। नहर के पास गए तो वहां खून बिखरे मिले। पास ही खून से सना एक डंडा था। वे लोग सन्न रह गए। कुछ दूर आगे बढ़ने पर कराने की आवाज सुनाई दी। लोग दौड़कर उधर पहुंचे तो नहर में उत्तरी छोर पर खून से लथपथ अवस्था में गंगिया देवी पड़ी थीं। आनन-फानन में इलाज के लिए पीएचसी ले जाया गया। वहां से रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार नहीं होता देख मगध मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया। लेकिन आर्थिक समस्या के कारण स्वजन पटना नहीं ले गए, उन्हें घर ले अाए। यहां मंगलवार की सुबह गंगिया देवी ने दम तोड़ दिया।
इसके बाद लोगों ने मंगलवार को शव रख सड़क जाम कर दिया। टायर जलाकर रोष जाहिर करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची। समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस मामले में महिला के पुत्र के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि जल्द अपराधी पकड़ लिए जाएंगे।