भाई के आत्मदाह के बाद मां को मिल रही धमकी
भूसुंडा वाल पर से अपहृत नाबालिग लड़की का सुराग मुफ्फसिल पुलिस एक पखवारे बाद भी नहीं लगा सकी। बहन के अगवा के बाद दबंगों की धमकी से तंग आकर भाई ने आत्मदाह कर लिया था। अब उसकी मां को दबंगों द्वारा धमकी मिल रही है। इसके कारण पूरा परिवार दहशत में हैं।
गया । भूसुंडा वाल पर से अपहृत नाबालिग लड़की का सुराग मुफ्फसिल पुलिस एक पखवारे बाद भी नहीं लगा सकी। बहन के अगवा के बाद दबंगों की धमकी से तंग आकर भाई ने आत्मदाह कर लिया था। अब उसकी मां को दबंगों द्वारा धमकी मिल रही है। इसके कारण पूरा परिवार दहशत में हैं। पीड़ित स्वजन द्वारा पुलिस को शिकायत करने के बाद आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। वह लगातार स्वजनों को धमकी दे रहे हैं।
मानपुर संघर्ष मोर्चा के संयोजक राजीव कुमार कन्हैया ने बताया कि छह फरवरी को दबंगों ने नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया था। विरोध करने पर दबंगों ने भाई को काफी प्रताड़ित किया था। इसके कारण भाई बंटी ने दूसरे ही दिन आत्मदाह कर अपनी जान दे दी थी।
मां सलीला देवी ने नाबालिग बेटी के अगवा करने वालों पर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस एक पखवारे के बाद भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी। नाबालिग लड़की के आने के इंतजार में मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कहती हैं, हमारी बेटी सकुशल घर कब लौटेगी? अगवा करने वाले दबंगों को पुलिस कब गिरफ्तार करेगी।
मोर्चा के संयोजक कन्हैया का कहना है कि अगर एक सप्ताह में नाबालिग सकुशल नहीं लौटी और अगवा करने वाले दबंगों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिन्हा ने कहा कि नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने का प्रयास जारी है।