Accident in Gaya: देवी मंदिर में पूजा करते समय आंचल में लगी आग, झुलसने से महिला की गई जान
गया में अलग-अलग घटनाओं दो की मौत हो गई। इनमें एक महिला व एक पुरुष शामिल है। महिला मंदिर में पूजा करने जा रही थी इसी दौरान जल रहे दीये से आग लग गई। इसमें वह गंभीर रूप से झुलस गई थी।
खिजरसराय (गया), संवाद सूत्र। गया जिले के खिजरसराय थाना इलाके में सोमवार को हुई अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई। महिला की मौत मंदिर में दीये से लगी में झुलसकर हो गई जबकि कब्रिस्तान के पास पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर पुरुष की जान चली गई।
देवी स्थान में जल रहे दीये से लग गई थी आग
खिजरसराय बाजार से सटे बाना तिवारीबीघा में साधु तिवारी की पत्नी ममता देवी देवी स्थान में पूजा करने गई थी।पूजा करने के दौरान मंदिर में जल रहे दीये से ममता की साड़ी में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जबतक लोग प्रयास करते वह पूरी तरह से झुलस गई थी। किसी तरह आग बुझाकर स्थानीय लोगों ने आनन फानन में महिला को खिजरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। महिला की हालत नाजुक देख कर चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया। सोमवार की देर रात इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही ममता देवी ने दम तोड़ दिया। ममता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कब्रिस्तान के पास तार का पेड़ गिरने से गई जान
नवडीहा में तेज़ हवा चलने के कारण तार के पेड़ के नीचे दब जाने से मो इस्लाम नामक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि नवडीहा कब्रिस्तान के पास मो इस्लाम कुछ काम से गया हुआ था। अचानक तेज हवा चलने लगी। इस क्रम में तार का पेड़ गिर जाने से वो तार के पेड़ के नीचे दब गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि दोनों घटनाओं में मृतक के स्वजनों ने पुलिसिया कार्रवाई करने से रोक दिया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर दोनों स्थानों पर पुलिस पहुंची थी।लेकिन उनके स्वजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar: देवी की आराधना करते समय पहुंच गया भतीजा, जमीन के एक टुकड़े के लिए रिश्ते का किया कत्ल