बोधगया में एक ही रात में 5 घरों में चोरी, खिड़की और दरवाजा तोड़कर घुसे चोर; पुलिस खंगाल रही CCTV
बोधगया के इलरा गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाया, जहां से नगदी, सोने के जेवरात और जरूरी कागजात चोरी हो गए।

मामले की जांच करती पुलिस
HighLights
इलरा गांव में एक ही रात में पांच घरों में चोरी।
चोरों ने दरवाजा तोड़कर और खिड़की से प्रवेश किया।
नगदी, सोने के जेवरात सहित लाखों की संपत्ति चोरी।
संवाद सूत्र, बोधगया। चेरकी थाना क्षेत्र के इलरा गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक के बाद एक पांच घरों को निशाना बनाकर इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने कहीं दरवाजा तोड़कर तो कहीं खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया और नगदी, सोने के जेवरात सहित जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, पांचों घरों से करीब छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने इलरा गांव निवासी दुखन सिंह, संगीत सिंह, सुदीप साव, जुगेश पाल और रवि गुप्ता के घरों को निशाना बनाया।
सबसे अधिक चोरी दुखन सिंह के घर
बताया जाता है कि चोरों ने घरों में रखे सोने के जेवरात और नगदी समेत अन्य सामान पर हाथ साफ किया। ग्रामीणों के मुताबिक, इनमें सबसे अधिक चोरी दुखन सिंह के घर में हुई है। चोरों ने घर में सामान को खंगालने के दौरान कपड़े सहित अन्य सामान बाहर फेंक दिया। एक ही रात में पांच घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर चेरकी थानाध्यक्ष ट्विंकल सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
पीड़ित परिवारों से चोरी के संबंध में लिखित आवेदन
थानाध्यक्ष ने सभी पीड़ित परिवारों से चोरी के संबंध में लिखित आवेदन देने को कहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चोरों तक पहुंचने के लिए संभावित सुरागों की तलाश की जा रही है।
