सर्वेक्षण में उत्कृष्ठ कार्य के लिये 38 कर्मी सम्मानित
जासं गया बाजार समिति चन्दौती परिसर स्थित संयुक्त कृषि भवन के सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला कृ
जासं, गया:
बाजार समिति चन्दौती परिसर स्थित संयुक्त कृषि भवन के सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा महतो ने विभाग के 38 कर्मियों को सम्मानित किया। हर खेत को पानी सर्वेक्षण में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कृषि समन्वयकों, प्रखंड तकनीकी प्रबन्धकों, सहायक तकनीकी प्रबन्धकों व किसान सलाहकारों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। डीएओ ने कहा कि जिले को शीर्ष स्थान दिलाने के लिये उत्कृष्ठ कार्य करने वाले सर्वेक्षणकर्ताओं का सम्मान कर उनके मनोबल और उत्साह को ऊंचा करने के उद्देश्य से 38 ऐसे सर्वेक्षणकर्ता जिन्होंने सबसे पहले 2000 प्लॉट का सर्वेक्षण पूर्ण किया उन्हें सम्मानित किया गया है।
हर खेत को पानी की चर्चा मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संबोधन में किया है। आने वाले समय में बिहार सरकार हर किसान के हर खेत तक सिचाई की व्यवस्था बनाने के लिये सर्वेक्षण कार्य करा रही है। गया जिला में 01 अगस्त से सर्वेक्षण कार्य प्रारम्भ कराया गया है। 1,71,928 प्लॉटों के सर्वेक्षण के साथ पूरे बिहार के 38 जिलों में सर्वेक्षण कार्य में गया जिला द्वितीय स्थान पर बना हुआ है। गया जिला में 20,28,677 प्लाटों का सर्वेक्षण कार्य कराया जाना है। सर्वेक्षण कार्य में कृषि समन्वयों, प्रखण्ड तकनीकी प्रबन्धकों, सहायक तकनीकी प्रबन्धकों, प्रखण्ड उद्यान पदाधिकारियों एवं किसान सलाहकारों को लगाया गया है। कोरोना महामारी में संक्रमण से बचते हुए सर्वेक्षण जैसा कार्य करना एक कठिन चुनौती है। जिला कृषि पदाधिकारी के अलावा सर्वेक्षण को लेकर नामित नोडल पदाधिकारी नीरज कुमार वर्मा, सहायक नोडल पदाधिकारी, ललन कुमार सुमन ने अपने हाथों से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वेक्षणकर्ताओं को सम्मानित किया।
--------
कृषि समन्वयक राकेश ने किया 4743 प्लाटों का सर्वेक्षण
-गया जिला में अभी तक सभी अधिक 4743 प्लाटों का सर्वेक्षण नगर प्रखंड के कृषि समन्वयक श्री राकेश कुमार ने किया है। दूसरे स्थान पर वजीरगंज प्रखंड के कृषि समन्वयक संजय कुमार हैं। इन्होंने 3699 सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। तीसरे स्थान पर प्रखण्ड तकनीकी प्रबन्धक सुबोध कुमार ने 3412 प्लाटों का सर्वेक्षण पूरा किया है। इन्होंने इमामगंज प्रखंड की मंझौली पंचायत में सर्वेक्षण कार्य किया है। 06 महिला सर्वेक्षणकर्ताओं ने भी 2000 से अधिक सर्वेक्षण कार्य पूर्ण करके सम्मान प्राप्त किया। जिसमें टिकारी से कृषि समन्वयक अनु कुमारी ने सर्वाधिक 2565 सर्वेक्षण पूर्ण कर लिए हैं।