विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया जंक्शन पर चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से 22 किलो गांजा बरामद, तस्कर की तलाश में खंगाले जा रहे CCTV

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:52 PM (IST)

गया जंक्शन पर रेल पुलिस और आरपीएफ ने चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से लावारिस पड़े दो-तीन बैग से करीब 22 किलो गांजा बरामद किया।

चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से 22 किलो गांजा बरामद

चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से 22 किलो गांजा बरामद

HighLights

  1. गया जंक्शन पर 22 किलो गांजा बरामद हुआ।

  2. चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस से लावारिस बैग में मिला गांजा।

  3. पुलिस तस्करों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।

जागरण संवाददाता, गयाजी। गया जंक्शन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस की जांच के दौरान टीम ने लावारिस पड़े दो-तीन बैग से करीब 22 किलो गांजा बरामद किया। 

हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस के हाथ नहीं लग सका। रेल थाना गया में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार और आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि गया जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा के साथ मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गया जंक्शन पहुंचने और गुजरने वाली ट्रेनों में सघन जांच की जा रही थी।

लावारिस बैग पर हुआ शक

जांच के दौरान चेरलापल्ली-पटना एक्सप्रेस के एक हिस्से में दो-तीन बैग लावारिस हालत में पड़े मिले। टीम ने आसपास बैठे यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद पुलिस को बैग पर संदेह हुआ और वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। 

आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह के निर्देश पर टीम ने लावारिस बैग की जांच की। तलाशी के दौरान उसमें गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया और मामले में अज्ञात तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गांजा किस व्यक्ति का था, इसे ट्रेन में किस स्थान से लाया गया और कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में पुलिस लगी है। तस्कर की पहचान के लिए ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ गया जंक्शन और स्टेशन परिसर में लगे निगरानी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। 

पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज से बैग रखने वाले व्यक्ति की पहचान में मदद मिल सकती है। आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने बताया कि गया जंक्शन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ट्रेनों में संदिग्ध सामान और यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।