गया हवाई अड्डा पर रोके गए यंगून के 22 नागरिक
यंगून के 22 नागरिक गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार को रोक लिए गए। उन सभी के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा लुक आउट नोटिस जारी है। आशंका है कि वे तब्लीगी मरकज से जुड़े हैं।
गया । यंगून के 22 नागरिक गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार को रोक लिए गए। उन सभी के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा लुक आउट नोटिस जारी है। आशंका है कि वे तब्लीगी मरकज से जुड़े हैं। रोके गए यात्री म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के विमान से यंगून के लिए रवाना होने वाले थे। उन सबके पास इमीग्रेशन (आव्रजन विभाग) द्वारा जारी यात्रा के पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिले हैं। एसएसपी राजीव मिश्र ने बताया कि जांच में पता चला है कि इनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। आव्रजन विभाग ने सभी 22 लोगों को हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर म्यांमार नेशनल एयरलाइंस का विमान लॉकडाउन में यंगून में फंसे 45 प्रवासियों को लेकर आया था। उनमें पांच झारखंड के और शेष 40 बिहार के विभिन्न जिलों के प्रवासी थे। इसके बाद उसी विमान से बिहार, उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में फंसे यंगून के 104 लोग रवाना होने वाले थे। यात्रियों की रवानगी के पहले कागजातों व सामान आदि की जांच की जा रही थी। उसी दौरान 22 यात्रियों के पास यात्रा के पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिले। स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों को रोककर आव्रजन विभाग को सूचना दी। जांच हुई तो पता चला कि उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। पूछताछ आदि के दौरान तकरीबन तीन घंटे लग गए। इसके बाद 82 यात्रियों को लेकर विमान यंगून के लिए रवाना हुआ। सूत्रों के अनुसार रोके गए यात्री बुधवार को ही कोलकाता से सड़क मार्ग से गया हवाई अड्डा पर आए थे। वे किस वाहन से आए और उसके लिए भुगतान आदि का क्या तरीका रहा? इस बाबत जानकारी जुटाई जा रही है। कोट :-
-यात्रियों को इमीग्रेशन विभाग ने रोका है। इसमें बिहार पुलिस की ओर से कोई जांच नहीं की जा रही है। पता चला है कि दिल्ली पुलिस के लुक आउट नोटिस के आधार पर इमीग्रेशन विभाग उन 22 यात्रियों से पूछताछ कर रहा है।
-राजीव मिश्र, वरीय पुलिस अधीक्षक, गया
बोधगया के होटल में रखे गए हैं रोके गए 22 यात्री
जासं, गया : गया एयरपोर्ट पर बुधवार को विमान से यंगून जाते समय रोके गए 22 यात्रियों को बोधगया के एक होटल में रखकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि उनसे आव्रजन विभाग के साथ ही खुफिया विभाग व प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं। म्यांमार के राजदूत भी उन लोगों से पूछताछ में जुटे हैं। बताया गया कि गया से दिल्ली के लिए कोई साधन न होने से इन्हें नहीं ले जाया जा सका। गुरुवार को गया में दिल्ली पुलिस के पहुंचने की संभावना है। पूछताछ में यह सामने आएगा कि रोके गए लोग तब्लीगी मरकज से जुडे़ हैं या नहीं।