मैं लड़कियों से छेड़खानी करता हूं... वीडियो वायरल हुआ तो गया में सिपाही और वार्ड पार्षद पर एफआइआर
गया के रामपुर थाना क्षेत्र में छेड़खानी के एक आरोपित का सिर मुंडवाकर उसे मुहल्ले में घुमाने का वीडियो वायरल होने पर दो अलग-अलग एफआइआर दर्ज की गई है। इनमें एक एफआइआर छेड़खानी करनेवाले युवक और उसके साथी के खिलाफ दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, गया। पुलिस की तमाम कार्रवाई के बावजूद कानून को हाथ में लेने का अपराध लोग कर ही रहे हैं। ताजा मामला गया जिले का है। यहां के रामपुर थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन मोहल्ले में गुरुवार को एक मनचले के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। हद तो यह कि यह सब जनप्रतिनिधि और वर्दीधारी के सामने हुआ। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है। दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक प्राथमिकी में छेड़खानी को लेकर पुलिस लाइन मोहल्ला निवासी आमिर अहमद समेत अतरी थाने में पदस्थापित महिला सिपाही के पुत्र शानू को आरोपित किया गया है। दूसरी प्राथमिकी वायरल वीडियो में दिख रहे स्थानीय वार्ड सदस्य, सिपाही समेत चार पर की गई है।
छेड़खानी के बाद घर में घुसकर दी थी धमकी
बताया जाता है कि लड़की के साथ ये दोनों लड़के अक्सर छेड़खानी करते थे। लड़की ने अपने घर में इसकी शिकायत की। रामपुर थानाध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह लड़की अपने मां के साथ स्कूल जा रही थी तभी युवक की टक्कर उसकी मां से हो गई। टक्कर में उसकी मां सड़क पर गिर गई। तब उसने लड़की को अकेले स्कूल जाने के लिए कह दिया। इसी क्रम में उसने छेड़खानी की। इसक बाद लड़की के घर पहुंचकर धमकी दी कि पुलिस से शिकायत की तो अंजाम बुरा होगा। तब महिला ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों से की। गुरुवार को वह युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। इसके बाद लोगों ने रंगेहाथ एक को पकड़ लिया। मारपीट के बाद पार्षद व सिपाही की मौजूदगी में सिर मुंडवाकर गले में तख्ती लटकाकर पूरे मोहल्ले में घुमाया। उस पर लिखा था मैं लड़कियों के साथ छेडख़ानी करता हूं।
वीडियो में दिख रहा सिपाही होगा निलंबित
मामला प्रकाश में आने पर एसएसपी आदित्य कुमार ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने कार्रवाई का निर्देश दिया। एसएसपी ने ने बताया कि वीडियो में दिखने वाले वार्ड पार्षद, सिपाही समेत चार को चिह्नित किया गया है। इन लोगों ने आरोपित के साथ इस तरह का व्यवहार कर कानून हाथ में लिया है। रामपुर थानाध्यक्ष के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिपाही को निलंबित किया जा रहा है।