Gaya Weather News: गया में शीतलहर के बाद घने कोहरे ने दी दस्तक, जनजीवन की मुश्किलें बढ़ी
Gaya Weather News गया शहर में सुबह से ही छाया हुआ है घना कुहासा नगर निगम की ओर से अलाव जलाने की मुकम्मल व्यवस्था नहीं ज्यादा से ज्यादा जगहों पर अलाव जलाने की जरूरत आज का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान है
गया, जागरण संवाददाता। शीतलहर और ठंड के बीच गया शहर में घनघोर कुहासा ने भी दस्तक दे दी है। नए साल में अब तक का सबसे अधिक घना कुहासा सोमवार की अहले सुबह से गया शहर को अपने में लपेटे हुए है। ठंड और कोहरे के कारण आम जनजीवन की मुश्किलें बढ़ गई है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक सी लग गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण नजदीक के 50 मीटर तक की वस्तुएं भी स्पष्ट रूप से नहीं दिख रही है। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग और दूसरे प्रमुख सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी है। मौसम के पूर्वानुमान पर गौर करें तो आज पूरे दिन मौसम खराब रहने वाला है। आज का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने रविवार को ही अगले 24 घंटे में ठंड बढ़ने और घना कुहासा का अंदेशा जताया था जो सच साबित हुआ।
स्कूल कॉलेज और दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को हो रही परेशानी
इस सप्ताह का पहला दिन होने के कारण स्कूल कॉलेज और कार्यालय भी खुलेंगे। लेकिन कुहासा और ठंड की वजह से निश्चित रूप से स्कूल कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। स्कूली छात्र- छात्राओं खासकर मैट्रिक और इंटर के परीक्षार्थी जो इन दिनों अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं उन्हें भी ठंड से दिक्कत हो रही है। घर में भी ठंड सता रही है। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों, रिक्शा चालकों, फेरी करने वालों को भी इस ठंड से दिक्कत हो रही है।
गरीब गुरबों के लिए ठंड बनी संकट
रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव और दूसरे जगहों की फुटपाथ पर रात गुजारने वालों के लिए गरीब गुरवे और भिखारियों के लिए यह ठंड किसी संकट से कम नहीं है। गया नगर निगम की ओर से अभी तक अलाव जलाने की मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते लोगों को ठंड से अधिक परेशान होना पड़ रहा है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने अधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम के प्रशासकों से अनुरोध किया है कि अविलंब शहर में अधिक से अधिक जगहों पर अलाव जलाए जाएं।