लॉकडाउन में गरीब-मजदूरों को राशन व पेंशन मुहैया करा रही सरकार : मंत्री
जागरण संवाददाता गया
गया । कृषि मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कोरोना वायरस संकट से निपटने में जिलेवासियों की हर संभव मदद में खड़ा रहने का भरोसा दिलाया है। कृषि विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में मंत्री ने कहा कि देशभर में अभी लॉकडाउन है। इसीलिए सभी लोग अपने-अपने घरों में रहकर लॉकडाउन के नियमों का पालन करें। राज्य सरकार व केंद्र सरकार जरूरतमंद लोगों तक सरकारी मदद पहुंचाने में जुटी हुई है। राशन कार्ड धारियों को राशन दिया जा रहा है। वहीं पेंशन धारियों को पेंशन की राशि दी जा रही है। प्रवासी मजदूरों के खाते में भी राशि भेजी जा रही है। गया के जगजीवन हॉस्टल में जिला आपदा केंद्र खोला गया है। जहा लोगों के रहने और खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। मंत्री ने कहा कि वह गया के विधायक होने के नाते भी सभी गरीब, बेसहारा व जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर हैं। इस बारे में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। गया के सभी मंदिरों में पूजा सामग्री के साथ ही पुजारियों के खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की जा रही है। संक्त्रमण से बचाने के लिए मास्क, सैनिटाइजर, साबुन का वितरण किया जा रहा है। स्लम एरिया के लोगों को चावल,आटा, दाल, आलू, साबुन दिया गया है।