गया में वज्रपात से सात की अकाल मौत
इधर जिलाधिकारी ने आशंका जताई और उधर एक के बाद एक सात लोगों की वज्रपात से अकाल मौत हो गई। गया जिला में मंगलवार को आकाश से टूटकर कुल छह जगहों पर बिजली गिरी। मरने वालों में पांच महिलाएं हैं। एक युवक और एक किशोर के अलावा तीन दुधारु पशुओं की भी जान गई है।
जागरण टीम, गया: इधर जिलाधिकारी ने आशंका जताई और उधर एक के बाद एक सात लोगों की वज्रपात से अकाल मौत हो गई। गया जिला में मंगलवार को आकाश से टूटकर कुल छह जगहों पर बिजली गिरी। मरने वालों में पांच महिलाएं हैं। एक युवक और एक किशोर के अलावा तीन दुधारु पशुओं की भी जान गई है। दोपहर में जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने वाट्स-एप ग्रुप पर संदेश प्रसारित किया कि अगले दो घंटे तक गया जिला में वज्रपात की आशंका है। तब आकाश में काले-धूसर बादल मंडरा रहे थे। कई दिनों के बाद बारिश हुई। उसी दौरान जिला में छह अलग-अलग जगहों पर वज्रपात हुआ। वजीरगंज में दो महिलाओं की जान गई है। 45 वर्षीया सकुन देवी वजीरगंज अंचल में बसुआ टोला की निवासी थीं। 35 वर्षीया सुनीता देवी टनकुप्पा अंचल में परसामा टोला मिसिर चक की निवासी थीं। वे दोनों खेत में काम कर रही थीं। उसी दौरान बारिश होने लगी। दोनों एक पेड़ के नीचे छुपी ही थीं कि वज्रपात हो गया। इमामगंज प्रखंड में जारी आहर गांव की उर्मिला देवी और ग्राम सुहेल की कुसुमी देवी वज्रपात की चपेट में आकर काल कवलित हुई। दोनों खेत में धान की फसल का मुआयना कर रही थीं, उसी दौरान आकाश से बिजली टूटकर गिर पड़ी। अतरी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में संजय मांझी के 12 वर्षीय पुत्र पिंटू मांझी की मौत हुई है। थानाध्यक्ष प्रशात कुमार ने बताया कि पिंटू गाव के बधार में गया था, उसी दौरान वज्रपात से उसका शरीर जल गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। कोंच थाना क्षेत्र के विजयपुर गाव में 30 वर्षीय मिथिलेश कुमार की अकाल मौत हुई है। परिजनों के चीत्कार से पूरा गांव गमगीन है। टनकुप्पा थाना क्षेत्र के परसावा गाव में 30 वर्षीया रेणु देवी की मौत हुई है। अंचलाधिकारी छोटेलाल पासवान ने बताया कि बारिश होने पर अपनी गाय को लेकर रेणु शीशम के पेड़ के नीचे छिपी थीं। उसी दौरान वज्रपात हो गया। रेणु के साथ गाय ने भी दम तोड़ दिया। मानपुर के पचमा गाव में बधार में चर रही दो भैंस भी वज्रपात की चपेट में आकर दम तोड़ दीं।