मानपुर में अपराधियों से मुठभेड़ में सैप जवान शहीद
मानपुर में अपराधियों से मुठभेड़ में सैप के एक जवान शहीद हो गए। बुधवार को पुलिस गश्त के दौरान अपराधियों ने गोलियां चला दी थी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से सैप जवान सियाराम महतो घायल हो गए थे जिन्होंने गुरुवार की अलसुबह दम तोड़ दिया।
गया । मानपुर में अपराधियों से मुठभेड़ में सैप के एक जवान शहीद हो गए। बुधवार को पुलिस गश्त के दौरान अपराधियों ने गोलियां चला दी थी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से सैप जवान सियाराम महतो घायल हो गए थे, जिन्होंने गुरुवार की अलसुबह दम तोड़ दिया।
उन्हें इलाज के दौरान मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन लाया गया, जहां डीआइजी विनय कुमार, एसएसपी राजीव मिश्रा, सिटी एसपी मंजीत सहित कई पुलिस अधिकारी और जवानों ने अंतिम सलामी दी। उसके बाद शव को पुलिस वाहन से उनके पैतृक आवास मधुबनी ले जाया गया। वे मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के राधाकांत गांव निवासी स्व. बिकाउ महतो के पुत्र थे।
वे सेना से सेवानिवृत्त होकर गया जिले के मुफस्सिल थाने में करीब एक साल से सैप जवान के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस अधिकारी के साथ तीन जवान गश्ती पर थे। रात एक बजे बाईपास पुल के समीप पुलिस वाहन खड़ा कर गश्ती पर थे। तभी एक बाइक पर दो और दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार होकर घुघरीटाड़ से मानपुर की ओर आते दिखे। जवानों ने उक्त बाइक सवारों को टार्च की रोशनी देकर रुकने का इशारा किया। इस पर वे लोग भागने लगे। एक बाइक पर सवार दो लोग फरार हो गए। दूसरी बाइक पर सवार तीन लोगों का पुलिस ने पीछा किया। पुलिस जब पास पहुंची तो अपराधियों ने गोली चला दी। फायरिग में सैप जवान सियाराम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस दौरान मौका पाते ही विष्णुपद थाना क्षेत्र के पास अपराधी बाइक छोड़कर फरार हो गए। घायल जवान को मेडिकल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष रामाज्ञा राय ने बताया कि घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल (जेएच-01बीजेड/ 2364) की जांच करने पर पता चला कि यह बोधगया थाना क्षेत्र से वर्ष 2016 में चोरी की गई थी। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। झारखंड से भी नंबर की जांच कराई जा रही है।