चाकंद में सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश नाकाम
संवाद सूत्र, बेलागंज : चाकंद में शुक्रवार को सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश को
संवाद सूत्र, बेलागंज : चाकंद में शुक्रवार को सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश को अमन-चैन पसंद लोगों व प्रबुद्धों ने विफल कर दिया। माहौल बिगड़ने की सूचना पर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक संजय भारती पूरे दल-बल के साथ उस धार्मिक स्थल पर पहुंचे, जहां आपत्तिजनक वस्तु के कारण विवाद उत्पन्न हुआ था। प्रशासन इसकी जांच-पड़ताल कर रहा है। जिलाधिकारी ने दोनों पक्षों से शांति की अपील की है। वहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इधर, मंदिर में आपत्तिजनक वस्तु मिलने के कारण वहां शुद्धिकरण के लिए अनुष्ठान किया गया। इलाके में तनाव बरकरार है, हालांकि विधि व्यवस्था नियंत्रण में है।
मंदिर में आपत्तिजनक वस्तु मिलने पर दोनों पक्ष के लोग वहां पहुंच गए थे। पुलिस भी पहुंची। इस बीच दो समुदायों के लोगों में काफी देर तक कहासुनी हुई। देखते-देखते बात बढ़ गई। दोनों ओर से पथराव भी हुआ, जिसमें एक बच्चा समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायल बच्चे को पुलिस थाना ले आई। परिजनों ने घायलों को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया है। इधर, घटना के विरोध में लोगों ने एनएच-83 को जाम करते हुए चाकंद बाजार को बंद करा दिया। सूचना के बाद जिला मुख्यालय से वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस पदाधिकारी वहां कैंप कर रहे हैं। स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
गुरुवार शाम से ही चाकंद बाजार के वौली मैदान पर एक तरफ मुहर्रम के ताजिया की तैयारी थी। वहीं, दूसरे समुदाय की महिलाएं वौली मैदान के दक्षिण-पश्चिम दिशा में तालाब में कर्मा पर्व के स्नान के लिए गई थीं। घर लौटने के क्रम में उन्होंने मंदिर के पास आपत्तिजनक वस्तु होने की चर्चा की। यह बात सुनकर लोग आक्रोशित थे। लोगों ने गया-पटना मार्ग को चाकंद स्टेशन के समीप जाम कर दिया, जिसे हटाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार एवं समाजसेवी लक्ष्मी नारायण सिंह पहुंचे। लोगों को समझाकर उन्हें शांत करने का कोशिश की। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजय भारती, विधि-व्यवस्था डीएसपी, सदर एसडीओ सूरज कुमार सिन्हा, सीओ नगर, बेलागंज के बीडीओ बबलु कुमार भी वहां पहुंचे। इधर, दूसरे पक्ष ने सूर्य मंदिर परिसर में शुद्धिकरण के लिए पूजा-अर्चना एवं हवन किया।
---------------------
चाकंद में आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी, जिसे पुलिस और प्रबुद्ध नागरिकों के प्रयास से विफल कर दिया गया है। लेकिन यह घटना सुनियोजित तरीके से की गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
राजीव मिश्रा
एसएसपी, गया