विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण : परीक्षा देने पटना गया युवक बना बंधक, मोबाइल छीना और खाते से उड़ाए 48,700 रुपये

Published: Mon, 21 Sep 2026 07:03 PM (IST)

पटना में प्रतियोगी परीक्षा देकर लौट रहे मधुबन के एक युवक को अगमकुआं थाना क्षेत्र में बंधक बना लिया गया। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मधुबन का युवक पटना में परीक्षा देकर लौट रहा था।

  2. अगमकुआं थाना क्षेत्र में चाकू के बल पर बंधक बनाया गया।

  3. मोबाइल छीनकर यूपीआई और एटीएम से 48,700 रुपये लूटे।

संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। प्रतियोगी परीक्षा देकर घर लौटने की तैयारी कर रहे मधुबन के युवक को पटना में ऐसा अनुभव हुआ, जिसकी उसने शायद कल्पना भी नहीं की होगी।

अगमकुआं थाना क्षेत्र में तीन युवकों ने उसे कथित तौर पर चाकू के बल पर बंधक बना लिया। मोबाइल छीनने के बाद यूपीआई कोड पूछा और खाते से 48 हजार 700 रुपये निकाल लिए। घटना के बाद युवक ने अगमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पुल के पास घेर लिया

मधुबन अशोक चौक निवासी विनय कुमार चौधरी का पुत्र अभिषेक कुमार जायसवाल पटना में प्रतियोगी परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर लौटने के लिए अगमकुआं थाना क्षेत्र स्थित पुल के पास पहुंचा। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

दो घंटे तक बंधक बनाने का आरोप

अभिषेक के अनुसार, बदमाशों ने चाकू का भय दिखाकर उसका मोबाइल छीन लिया। करीब दो घंटे तक उसके साथ मारपीट भी की गई। हथियार का भय दिखाकर उससे यूपीआई का कोड पूछ लिया गया।

पहले यूपीआई, फिर एटीएम से निकासी

बदमाशों ने अभिषेक के मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से उसके घरवालों से रुपये मंगवाए। इसके बाद मोबाइल लेकर फरार हो गए। बाद में भूतनाथ स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 48 हजार रुपये निकाल लिए गए। वहीं 700 रुपये एक पान दुकान पर यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर किए गए।

दूसरे के मोबाइल से घरवालों को दी सूचना

बदमाशों के चले जाने के बाद अभिषेक ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से स्वजन से संपर्क किया। सूचना मिलने पर स्वजन पटना पहुंचे और उसे मधुबन लेकर आए। मामले में अगमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।