महादलित बस्ती में जलजमाव, सड़क जाम व प्रदर्शन
बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कल्याणपुर पंचायत के अलौला गांव के महादलित बस्ती में जलजमाव हो जाने से बस्ती के लोग परेशान हैं। अब तक प्रशासन द्वारा उनकी सुध नहीं ली गई। इससे आजिज आक्रोशित बस्ती के लोगों ने शनिवार को कल्याणपुर मुख्य मार्ग स्थित बड़ी नहर के समीप टायर जला सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मोतिहारी । बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कल्याणपुर पंचायत के अलौला गांव के महादलित बस्ती में जलजमाव हो जाने से बस्ती के लोग परेशान हैं। अब तक प्रशासन द्वारा उनकी सुध नहीं ली गई। इससे आजिज आक्रोशित बस्ती के लोगों ने शनिवार को कल्याणपुर मुख्य मार्ग स्थित बड़ी नहर के समीप टायर जला सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क को घंटों जाम रखा। प्रदर्शनकारी विजय सिंह, विनोद राम, जगदीश राम, रामबाबू राम, सुमित्रा देवी, सुनैना देवी, सुनील राम, राजेश पासवान ने प्रखंड विकास पदाधिकारी विनित कुमार व अंचलाधिकारी अश्विनी कुमार को आवेदन दिया। आक्रोशितों ने अधिकारियों को बताया कि लगातार वर्षा होने से घरों में जलजमाव होने के कारण परेशानी बढ़ गई है। इसको लेकर खाना बनाने के साथ-साथ बच्चों व बुजुर्गो को परेशानी हो रही है। सूचना पर पहुंचे बीडीओ व सीओ ने जल निकासी को ले बंद पड़े नाले की सफाई के साथ खुदाई कराई। साथ ही स्थायी रूप से जलनिकासी का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशितों का गुस्सा शांत हुआ, जिसके बाद जाम को समाप्त कराया जा सका।