नौ साल की लड़की के साथ चलती कार में दो युवकों ने किया दुष्कर्म, हालत गंभीर
बेतिया में नौ साल की बच्ची को अगवा कर चलती कार में दो युवकों ने दुष्कर्म किया और बेहोश होने के बाद सड़क किनारे बच्ची को फेंक दिया। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। बेतिया शहर के स्टेशन चौक पर रविवार की रात कार सवार बदमाशों ने एक नौ वर्षीय लड़की को अगवा कर उसके साथ चलती कार में ही दुष्कर्म किया और लड़की को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। लड़की की स्थिति गंभीर बनी हुई है, उसका इलाज एमजेके अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ बैरिया थाना क्षेत्र में रहती है। वह अपने ननिहाल मैनाटांड जाने के लिए स्टेशन चौक पर आई थी। इसी दौरान लग्जरी कार पर सवार दो युवकों ने उसे जबरन कार में खींच लिया। लड़की को कार से लेकर दोनों युवक छावनी रोड चले गए और चलती कार में दोनों युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक छावनी निवासी अरमान मियां एवं फरमान मियां बताए गए हैं। पुलिस ने कार बीआर 01 पीजी 2991 को भी जब्त कर लिया है। गंभीर स्थिति में लड़की का इलाज एमजेके अस्पताल में चल रहा है।