पूर्वी चंपारण में तीन की हत्या, सनसनी
जिले के पिपरा व ढाका थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई।
मोतिहारी। जिले के पिपरा व ढाका थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। इनमें दो महिलाएं व एक युवती हैं। आशंका है कि साक्ष्य छिपाने के लिए शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मामले की जांच की जा रही है।
नदी किनारे मिला महिला का शव
पीपरा थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी के किनारे मिले महिला के शव की पहचान घनश्यामपकड़ी निवासी अरुण कुमार की पत्नी के रूप में हुई। चार साल पूर्व शादी हुई थी। पति के दिव्यांग होने के कारण खुश नहीं रहती थी। पड़ोसी अभिषेक सहनी से प्रेम हो गया। लोगों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। गांव में पंचायत लगी। पंचों ने दोनों को साथ रहने की इजाजत दे। महिला पति को छोड़ प्रेमी के घर रविवार को गई। सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे खेत से उसका शव मिला। थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हत्या फंदा लगाकर की गई। गले पर निशान मिले हैं। अन्यत्र हत्या के बाद शव को यहां फेंक दिया गया।
पेड़ से लटका मिला युवती का शव
पिपरा थाना क्षेत्र के बेदीबन मधुबन गांव स्थित लीची के बगीचे में एक युवती का शव मिला। आशंका है कि दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। घटना से पूर्व मृत युवती की दादी और मां से वृंदावन टोला के सोनू दास एवं जदू कुमार ने मारपीट की। युवती की दादी ने बताया कि दोनों लड़के रविवार शाम घर आकर मुझे और बहू को पीटा। पौत्री खेत में काम करने गई थी। वहां पर उससे भी मारपीट हुई। देर शाम तक जब वह नहीं लौटी तो खोज की गई। सोमवार सुबह लीची बगान में उसका शव पेड़ से लटक रहा था। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।
संतान नहीं जनने पर मार डाला
ढाका थाना क्षेत्र के लहान ढाका गांव में रविवार रात ससुराल वालों ने विवाहिता शोभा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया गया कि शादी के चार वर्ष बाद भी वह मां नहीं थी। इस कारण उसकी हत्या कर दी गई। इस बाबत शोभा के पिता नया टोला निवासी जियालाल राम ने पुलिस को आवेदन दिया है। बताया कि चार वर्ष पूर्व पुत्री की शादी मनोज राम से की थी। शादी के दो वर्ष बाद से ससुरालवाले प्रताड़ित करने लगे। घटना से एक दिन पूर्व ससुराल वाले ले गए और गला दबाकर हत्या कर दी। इस मामले में पति मनोज राम, ससुर मांति राम, सास शिवकली देवी, देवर मुकेश राम को आरोपित किया है। थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
-----------
कोट
पीपरा थाना क्षेत्र में महिला व युवती के शव मिलने की जांच चल रही है। जल्द ही राज खुलेगा। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। जांच के बाद वस्तु स्थिति साफ होगी।
शैलेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, चकिया ( पू. चंपारण)
----------------