जब छोटे से दूल्हे ने भरी छोटी-सी दुल्हन की मांग, शादी देखने जुटी भीड़...जानिए
पूर्वी चंपारण के एक गांव में बुधवार की रात आई बारात में दूल्हा व दुल्हन सबके आकर्षण के केंद्र रहे। दोनों की लंबाई तीन-तीन फीट है। उन्हें आशीर्वाद देने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन ]। जिले में बुधवार की रात हुई एक शादी अभी तक चर्चा का विषय बनी हुई है। दूल्हा-दुल्हन को देखने अभी भी लोग आ रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों तीन फीट के हैं।
दुल्हन बनी किरण के घरवालों को ठिगने कद की बेटी की शादी चिंता सता रही थी तो दूल्हा बने राजेश के घरवाले भी बेटे की शादी को लेकर परेशान थे। लेकिन, संयोग ऐसा बना कि दोनों की शादी हो गई।
बुधवार की रात जागापाकड़ मुरली गांव निवासी पन्नालाल सहनी की पुत्री किरण की शादी के लिए जब पहाड़पुर बलुआ मलाही टोला निवासी शिवशरण सहनी अपने पुत्र राजेश (21) की बारात लेकर पहुंचे तो गांव के लोगों की भीड़ वहां उमड़ गई। वे देखने को आतुर थे कि आखिर यह जोड़ी दिखती कैसी है?
पढ़ेंः लंदन की दुल्हनिया को भाया बिहार का छोरा, गुलाबी मंडप में लिए सात फेरे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही बारात आई सभी मौके पर पहुंचे और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। सबने एक
स्वर में कहा - रब ने बना दी जोड़ी। वैदिक मंत्रोच्चारण एवं मंगल गीतों के बीच शादी की रस्में पूरी की गईं।
दूल्हा-दुल्हन दोनों हैं पांचवी पास
इसे महज एक संयोग कहा जाए या कुदरत का करिश्मा कि दूल्हा-दुल्हन की न सिर्फ कद-काठी मिली, बल्कि दोनों की शिक्षा भी बराबर की रही। दूल्हा के बड़े भाई भुवाली सहनी ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन दोनों पांचवीं पास हैं। दूल्हा राजेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। छोटा भाई चंदन है। तीनों भाई हरसिद्धि में चंदन स्वीट्स नामक अपनी मिठाई की दुकान चलाते हैं।
पढ़ेंः पूरा किया सात सौ पौधे लगाने का संकल्प, अब लेगी सात फेरे
रंग लाई ग्रामीण की कोशिश
इस अनोखी शादी को तय कराने में एक ग्रामीण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राजेश के बड़े भाई भुवाली सहनी ने बताया कि उनके ग्रामीण अनिल सहनी की ससुराल जागापाकड़ मुरली गांव में है। वे राजेश और किरण को काफी समय से देख रहे थे। फिर उन्होंने ही शादी की बात चलाई। दोनों पक्ष राजी हुए और शादी हो गई।