सुगौली में रसोई गैस से लगी आग, तीन जख्मी
थानाक्षेत्र के शीतलपुर गांव में रसोई गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण लगी आग में बुधवार को तीन लोग झुलस गए।
मोतिहारी। थानाक्षेत्र के शीतलपुर गांव में रसोई गैस सिलेंडर से हुए रिसाव के कारण लगी आग में बुधवार को तीन लोग झुलस गए। वहीं हजारों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। बताया गया है कि माली पंचायत के शीतलपुर गांव स्थित मोटर सहनी के घर में अचानक गैस रिसाव के बाद आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने के साथ आसपास के लोग जमा हो गए। आग को बुझाने लगे। इसी दौरान स्व. यादोलाल सहनी के पुत्र विजय सहनी, जयप्रकाश सहनी के पुत्र चंदन सहनी व उमा पासवान के पुत्र उमेश पासवान आग की चपेट में आकर जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए तत्काल स्थानीय पीएचसी ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मोतिहारी भेजा है। घटना की सूचना मुखिया पुत्र अभिषेक राज उर्फ मंटू ने भारत गैस एजेंसी कार्यालय को दी। सूचना मिलते ही गैस कर्मी अशोक यादव व मुकेश कुमार पहुंचे और आग को बुझा दिया। बड़ी घटना होने से बच गई। इस बीच अग्निशमन दस्ते की टीम और थानाध्यक्ष सुरेन्द्र मिश्र, सीओ ज्ञानप्रकाश शेरफीन भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सिलेंडर विस्फोट के बाद हो सकती थी बड़ी घटना यदि गैस सिलेंडर विस्फोट कर जाता तो बड़ी घटना हो सकती थी। हालांकि, ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ का परिचय दिया और घटना की जानकारी थानाध्यक्ष सुरेन्द्र मिश्र को तत्काल दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने भारत गैस एजेंसी के कर्मी अशोक यादव व मुकेश कुमार को तत्काल भेजा और अग्निशमन टीम भी पहुंची। तत्काल गैस एजेंसी के कर्मी ने सिलेंडर विस्फोट होने से बचा लिया। गांव के लोगों में घटना के बाद जख्मी लोगों को लेकर चिता बढ़ गई है। हालांकि समाचार प्रेषण तक उनकी स्थिति ठीक बताई गई है।