हैवानियत: युवक को महंगी पड़ी गांव में शादी, दबंगों ने बीवी व भाभी को निर्वस्त्र कर पीटा
पूर्वी चंपारण में एक युवक को गांव में ही शादी करना महंगा पड़ा। गांव के कुछ दबंगों ने उसकी बीवी व भाभी को निर्वस्त्र कर पीटा। फिर क्या हुआ, जानिए इस खबर में।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। जिले के कल्याणपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में एक युवक-युवती के विवाह करने पर कुछ लोगों ने युवक को सपरिवार गांव छोडऩे का फरमान सुना दिया। उसके घर से आने-जाने का रास्ता भी बंद कर दिया। लोगों ने युवक की भौजाई व उसकी पत्नी को निर्वस्त्र कर पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आरोपितों की खोज करने में जुट गई है।
युवक की भाभी ने बताया कि उसके देवर ने गांव की लड़की से शादी कर ली है। शादी के बाद वे गांव में ही रहने लगे। जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उनके घर आने-जाने का रास्ता रोक दिया। शादी का विरोध करते हुए गांव छोडऩे की धमकी दी।
बीती रात गांव के रतन पासवान, संजय पासवान, अजय पासवान, सोनालाल पासवान व दो अज्ञात लोग घर आकर देवर को खोजने लगे। युवक की भाभी ने बताया कि उसके नहीं मिलने पर उन लोगों ने उन्हें व उनकी देवरानी को घर से खींचकर बीच सड़क पर निर्वस्त्र कर पिटाई की। फिर, जाते वक्त पुलिस के पास जाने पर हत्या करने की भी धमकी दी। दोनों घायल जेठानी-देवरानी का इलाज माेतिहारी सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की बाबत पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि युवक के गांव की लड़की से शादी करने के बाद मारपीट हुई है। घटना की एफआइआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।