जिले के 105 उच्च विद्यालयों में शुरू किया जाएगा स्मार्ट क्लास : डीएम
मोतिहारी। जिले के 105 उच्च व उच्चतर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से स्मार्ट क्लासेज की शुरूआत की जाएगी। उन्नयन बिहार कार्यक्रम के तहत जिले के चयनित विद्यालयों में इस अभियान की शुरूआत होगी।
मोतिहारी। जिले के 105 उच्च व उच्चतर विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से स्मार्ट क्लासेज की शुरूआत की जाएगी। उन्नयन बिहार कार्यक्रम के तहत जिले के चयनित विद्यालयों में इस अभियान की शुरूआत होगी। सफलता के बाद शेष विद्यालयों में भी इस योजना को लागू किया जाएगा। जिलाधिकारी रमण कुमार ने समाहरणालय स्थित राधाकृष्णन भवन में उन्नयन बिहार अंतर्गत उन्मुखीकरण कार्यशाला में इसकी घोषणा की। कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य से उन्नयन बिहार का प्रारंभ बांका जिले में हुआ था। इसकी सफलता को देख इसे सभी जिले में क्रियान्वित किया जा रहा है। कहा कि विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए उनसे यह अपेक्षा की जाती है कि वे इस अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
स्मार्ट क्लास संचालन को प्रतिनियुक्त होंगे नोडल शिक्षक उन्नयन बिहार अभियान के तहत चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लास प्रारंभ करने हेतु नोडल शिक्षक, विज्ञान शिक्षक एवं गणित शिक्षक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में प्राप्त आवंटन से आवश्यक सामग्री का क्रय किया जाएगा। उन्नयन बिहार के तहत जिले से चयनित कुल 105 उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों के नामित शिक्षकों, प्राचार्य के प्रशिक्षण हेतु तिथिवार एमजेके बालिका इंटर कॉलेज, जिला स्कूल में दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लास प्रारंभ किया जाएगा। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ललित कुमार रजक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, अश्विनी कुमार के अतिरिक्त चयनित उच्च व उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य एवं अन्य शिक्षाकर्मी उपस्थित थे।