केंद्रीय विवि में स्मार्ट क्लास की हुई शुरुआत
महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ) संजीव कुमार शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय परिसर स्थित मीडिया अध्ययन विभाग में बुधवार को स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।
मोतिहारी । महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ) संजीव कुमार शर्मा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय परिसर स्थित मीडिया अध्ययन विभाग में बुधवार को स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। कुलपति ने स्मार्ट बोर्ड पर तकनीक युक्त टच स्क्रीन पर डिजिटल पेन से मीडिया अध्ययन विभाग को शुभकामनाएं लिख कर स्मार्ट क्लास की शुरुआत की। गौरतलब है कि स्मार्ट क्लास से जुड़ने वाला यह प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के सभी 20 विभाग स्मार्ट क्लास की तकनीक से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत में संवाद की समृद्ध व व्यापक परंपरा रही है। प्रकृति से संवाद ही वैदिक संचार है, जिसका उल्लेख हमारे वेदों और उपनिषदों में है। इस अवसर पर मीडिया अध्ययन विभाग के अध्यक्ष व अधिष्ठाता प्रो अरुण कुमार भगत, प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष प्रो. पवनेश कुमार, शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो आशीष श्रीवास्तव सहित डॉ परमात्मा कुमार मिश्र, डॉ साकेत रमन, डॉ. सुनील घोडके, डॉ. उमा यादव एवं मीडिया अध्ययन विभाग के एमए, एम.फिल, पी.एचडी के सभी छात्र व शोधार्थी मौजूद थे।