विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में पानी टंकी पर चढ़ा अर्द्धविक्षिप्त, रेस्क्यू टीम पर हमला कर दो पुलिसकर्मी किए घायल

Published: Fri, 28 Aug 2026 07:48 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के सिकरहना में एक अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया, जिसे उतारने गई पुलिस टीम पर ...और पढ़ें

बचाव कार्य रोक दिया गया है। पुलिस टीम रातभर मौके पर तैनात रहेगी और टंकी पर मौजूद व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखेगी।

बचाव कार्य रोक दिया गया है। पुलिस टीम रातभर मौके पर तैनात रहेगी और टंकी पर मौजूद व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखेगी। 

HighLights

  1. सिकरहना में अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ा।

  2. रेस्क्यू करने गई पुलिस टीम पर हमला, दो सिपाही घायल।

  3. अंधेरा होने से अभियान रुका, सुबह फिर होगा शुरू।

संवाद सहयोगी, सिकरहना (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Water Tank: ढाका मुख्य बाजार स्थित मवेशी अस्पताल के समीप शुक्रवार शाम एक अर्द्धविक्षिप्त व्यक्ति नगर परिषद की ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गया।

उसके टंकी के ऊपरी हिस्से पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। एसडीओ विजय कुमार, डीएसपी और ढाका थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब तीन घंटे तक पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रेस्क्यू के दौरान टंकी के अंदर पहुंची पुलिस टीम पर उक्त व्यक्ति ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ढाका थाना के दो सिपाही संतोष कुमार और दिलीप कुमार चोटिल हो गए, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।

टंकी पर पहुंचने से मची अफरातफरी

पानी टंकी के पंप संचालक एजाजु रहमान ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह बाजार में जलापूर्ति शुरू कराने के लिए टंकी के पास पहुंचे थे।

इसी दौरान उनकी नजर टंकी के ऊपर चढ़े एक व्यक्ति पर पड़ी। बताया गया कि वह वहां नशा कर रहा था, जिसके बाद तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।

देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, टंकी पर चढ़ा व्यक्ति अर्द्धविक्षिप्त है और अक्सर बाजार के आसपास घूमता रहता है। शुक्रवार को वह सुरक्षा घेरे को पार कर पानी टंकी के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया।

रस्सी के सहारे टंकी में पहुंचे

ऊंचाई अधिक होने के कारण किसी तरह की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती थी। इसी वजह से पुलिस और प्रशासन ने काफी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

एसडीओ विजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा रेस्क्यू टीम और अग्निशमन विभाग की टीम को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।

पुलिस बल ने रस्सी के सहारे टंकी के भीतर प्रवेश कर व्यक्ति को समझाने और सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन उसने रेस्क्यू टीम के सदस्यों के साथ भी आक्रामक व्यवहार करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अंधेरा होने पर अभियान रोका

एसडीओ ने बताया कि टंकी के भीतर भारी अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान जारी रखना जोखिमपूर्ण था। इस वजह से अभियान फिलहाल रोक दिया गया है।

पुलिस टीम रातभर मौके पर तैनात रहेगी और टंकी पर मौजूद व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखेगी। शनिवार सुबह उजाला होते ही राज्य आपदा रेस्क्यू और अग्निशमन टीम की मदद से अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारना है।