By Laxmikant TripathiEdited By: Ashish Pandey
Published: Wed, 22 Feb 2023 10:54 AM (IST)
Raxaul Police Misbehave with Army Jawan अपनी पत्नी को कार से लेकर परीक्षा दिलाने रक्सौल आ रहे सेना के जवान ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, रक्सौल: शहर के मुख्य पथ पर सेना के एक जवान के साथ रक्सौल पुलिस की बदसलूकी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि पुलिस के अधिकारी एक व्यक्ति को घसीटते हुए ले जा रहे है और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। वह व्यक्ति अपने आप को सेना का जवान बता रहा है। इसके बाद भी रक्सौल थाने के अधिकारी व जवान उसके साथ बदसलूकी कर रहे हैं।
इस घटना से एक बार फिर पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस की करतूत से पुलिस महकमे पर सवाल खड़ा हो रहा है। जो पुलिस के शाब्दिक अर्थ पुरुषार्थ, लिपसा और सहयोगी पर सवाल खड़े कर रहा है। सेना के एक जवान के साथ पुलिस के अधिकारी इस तरह की करतूत कर रहे हैं, तो आम आदमी के साथ कैसा बर्ताव होता होगा इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
सेना के जवान के साथ पुलिस की बदसलूकी, वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि राधामोहन गिरि सेमरा बेलघाटी निवासी हैं और इनके पिता का नाम प्रमोद गिरि है। राधामोहन अपनी पत्नी काजल देवी को परीक्षा दिलाने कार से रक्सौल आ रहे थे। इस दौरान शहर के लक्ष्मीपुर में कार के साइड मिरर लुकिंग ग्लास से एक व्यक्ति को चोट लग गई। इसी बात पर स्थानीय लोगों से उनकी कहासुनी हो रही थी। तभी गश्ती वाहन पर सवार रक्सौल थाना के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और वहां लोगों से हो रही कहासुनी को देख जवान को गाड़ी लेकर थाना चलने का आदेश दिए।
राधामोहन अपने परिवार के लोगों के साथ मुख्य पथ स्थित हजारीमल हाईस्कूल के समीप अपनी पत्नी को उतार कर सड़क पर एक तरफ गाड़ी पार्क करने लगे। इतने में सब इंस्पेक्टर गाड़ी के पास पहुंचे और जवान से बदसलूकी करने लगे। यह साब घटनाक्रम वायरल वीडियो में स्पष्ट रुप से देखा जा सकता है।
इतना ही नहीं, जवान को घसीट कर ले जाते समय सब इंस्पेक्टर एवं उनके साथ ड्यूटी में तैनात जवान भी सेना के जवान को गंदी-गंदी गालियां देते हुए पिटाई करते जा रहे हैं। रक्सौल पुलिस ने जवान को ले जाकर हाजत में बंद कर दिया। वहीं, उनका परिवार न्याय के लिए थाने में बैठा रहा।
घटना संज्ञान में आने पर पुलिस अधीक्षक कातेस कुमार मिश्र ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। दोषी दारोगा और सिपाही पर कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच के लिए रक्सौल एएसपी को आदेश दे दिया गया है। किसी भी व्यक्ति को सड़क पर दौड़ा कर पीटना गैरकानूनी है।