नेपाल में पृथ्वी राजमार्ग पर दोतरफा यातायात बहाल, सोनौली से काठमांडू का सफर हुआ सुगम
नेपाल में 18 दिनों से बाधित पृथ्वी राजमार्ग पर कृष्णभीर क्षेत्र में नया ट्रैक बनने के बाद यातायात बहाल हो गया है।

यातायात हुआ बहाल। (सोशल मीडिया)
HighLights
पृथ्वी राजमार्ग 18 दिन बाद कृष्णभीर क्षेत्र में खुला।
सोनौली से काठमांडू के बीच यात्रा अब हुई सुगम।
मुग्लिन-नारायणगढ़ सड़क पर भी दोतरफा यातायात बहाल।
जागरण संवाददाता, भैरहवा (नेपाल)। प्राकृतिक आपदा से उबर रहे नेपाल में जनजीवन सामान्य होने लगा है। धादिंग के कृष्णभीर क्षेत्र में नया ट्रैक तैयार होने के कारण 18 दिन से बाधित पृथ्वी राजमार्ग पर गुरुवार सुबह छह बजे से दोतरफा यातायात बहाल कर दिया गया। इससे सोनौली से काठमांडू के बीच आवागमन सुगम हो गया।
26 अगस्त को त्रिशूली नदी में आई बाढ़ के बाद 30 अगस्त को कृष्णभीर क्षेत्र में सड़क का बड़ा हिस्सा कट गया था, जिससे पृथ्वी राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था।
सोनौली से काठमांडू की दूरी 280 किलोमीटर है, लेकिन कृष्णभीर मार्ग बंद होने से वाहनों को हटौड़ा के रास्ते करीब 400 किमी की दूरी तय करनी पड़ रही थी।
वैकल्पिक रूप से तैयार नये ट्रैक पर 13 सितंबर को कुछ भारी वाहनों को चलाकर परीक्षण किया गया था। पृथ्वी राजमार्ग के साथ मुग्लिन-नारायणगढ़ सड़क खंड पर भी दोतरफा यातायात शुरू कर दिया गया है।
सात सितंबर से तुइनखोला क्षेत्र में भूस्खलन के कारण यहां आंशिक यातायात रोककर स्लोप स्टेबिलाइजेशन का काम किया जा रहा था। सड़क डिविजन भरतपुर के अनुसार काम पूरा होने के बाद अब दोनों दिशाओं में वाहनों का संचालन शुरू हो गया है।
