डकैती मामले में एक गिरफ्तार
छौड़ादानो पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर शनिवार को दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में छापेमारी कर 15 लाख की रोड डकैती मामले में दर्ज थाना कांड संख्या 280/018 के अप्राथमिकी अभियुक्त मोनू कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
मोतिहारी। छौड़ादानो पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर शनिवार को दरपा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में छापेमारी कर 15 लाख की रोड डकैती मामले में दर्ज थाना कांड संख्या 280/018 के अप्राथमिकी अभियुक्त मोनू कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि छौड़ादानो के पान मशाला व्यवसायी धर्मराज प्रसाद से गत 10 अक्टूबर 18 को शाम लगभग 08:00 बजे छौड़ादानो, मोतिहारी रोड में कठनौतिया मोड़ के समीप उनकी स्कार्पियो रोककर 5-6 शशस्त्र अपराधियो ने चालक की मिलीभगत से स्कार्पियो में रखे 15 लाख रूपये लूट लिए थे।
इस मामले में लूट के शिकार हुए पान मशाला व्यवसायी धर्मराज प्रसाद के लिखित आवेदन के आलोक में कांड संख्या दर्ज किया गया था। दर्ज प्राथमिकी में स्कार्पियो चालक आदापुर निवासी चन्देश्वर प्रसाद सहित 5-6 अज्ञात को आरोपित किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो चालक को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अप्राथमिकी अभियुक्त मोनू कुशवाहा होली के अवसर पर अपने घर पिपरा आया हुआ हैं। उन्होंने शशस्त्र बलों के साथ उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया । समाचार लिखे जाने तक पुलिस गिरफ्तार मोनू से घटना के सम्बंध में विशेष पूछताछ करने में जुटी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिली है, जिसे गुप्त रखकर पुलिस कार्यवाई करने में जुटी है।