नेपाल की विचाराधीन बंदी ने दिया बच्ची को जन्म
स्थानीय केंद्रीय कारा में बंद नेपाल की एक विचाराधीन बंदी लक्ष्मी देवी ने सदर अस्पताल में एक बच्ची को गुरुवार को जन्म दिया है।
मोतिहारी। स्थानीय केंद्रीय कारा में बंद नेपाल की एक विचाराधीन बंदी लक्ष्मी देवी ने सदर अस्पताल में एक बच्ची को गुरुवार को जन्म दिया है। यहां उसका ऑपरेशन किया गया है। महिला बंदी के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन से पैदा हुई बच्ची व मां का स्वास्थ्य जानने पहुंचे जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने शुक्रवार को महिला वार्ड में जाकर बंदी व उसकी बच्ची के लिए आवश्यक सामग्री दी। उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व प्रसव पीड़ा होने के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। याद रहे कि नेपाल के वीरगंज निवासी महिला बंदी को अब से छह महीने पहले रक्सौल थाना की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल लाए जाने के समय वह गर्भवती थी। इस बीच उसने एक पुत्री को जन्म दिया है। इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी जा रही है।
सजायाफ्ता बंदी की हालत बिगड़ी, भर्ती बेतिया में हुए हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता इसी शहर के लक्ष्मण चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। केंद्रीय कारा से इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया है। जेल अधीक्षक ने बताया कि लक्ष्मण को सजा होने के बाद बेतिया कारा प्रशासन ने जुलाई में बेतिया से स्थानांतरित किया है। फिलहाल वह केंद्रीय कारा में सजा काट रहा है। शुक्रवार को उसकी तबीयत अचानक खराब होने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई है।