विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से 88 हजार के जाली नोट लेकर पहुंचे बिहार, बैंक के पास पुलिस के जाल में फंसे

Published: Fri, 21 Aug 2026 04:34 PM (IST)

मोतिहारी में पुलिस और एसएसबी ने नेपाल से लाए गए 88 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ दो तस्करों ...और पढ़ें

गिरफ्तार धंधेबाजों के साथ पुलिस की टीम। जागरण

गिरफ्तार धंधेबाजों के साथ पुलिस की टीम। जागरण

HighLights

  1. मोतिहारी में दो धंधेबाज जाली नोटों के साथ गिरफ्तार।

  2. नेपाल से लाए गए 88 हजार के जाली नोट बरामद।

  3. पुलिस जाली नोटों के नेटवर्क की जांच में जुटी।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी। नेपाल से जाली नोटों की खेप लेकर बिहार पहुंचे दो धंधेबाज पुलिस और एसएसबी के जाल में फंस गए। लखौरा-छौड़ादानो मुख्य मार्ग पर ग्रामीण बैंक के पास सड़क किनारे मोटरसाइकिल के साथ दोनों को दबोच लिया गया।

तलाशी में 500 रुपये के 176 जाली नोट बरामद हुए। कुल जब्त राशि 88 हजार रुपये है। दोनों के पास मिले सेलफोन की तकनीकी जांच से पुलिस अब नोटों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बैंक के पास खड़े थे दोनों

लखौरा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल की संयुक्त टीम को दोनों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने लखौरा-छौड़ादानो मुख्य मार्ग पर निगरानी बढ़ाई। ग्रामीण बैंक के पास संदिग्ध स्थिति में मोटरसाइकिल के साथ खड़े दोनों युवकों को टीम ने घेरकर पकड़ लिया।

500 के 176 नोट बरामद

तलाशी लेने पर दोनों के पास से 500 रुपये के 176 जाली नोट मिले। पुलिस ने सभी नोट जब्त कर लिए। इसके अलावा दोनों के दो सेलफोन भी पुलिस के कब्जे में लिए गए हैं। सेलफोन की तकनीकी जांच कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपित किन लोगों के संपर्क में थे।

नेपाल से लाई थी खेप

सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के बंसवरिया गांव निवासी नूर आलम और महुआवा गांव निवासी शेख इश्तेखार मंसूरी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने नेपाल से जाली नोट लाने की बात बताई है।

चिरैया में देनी थी डिलीवरी

पूछताछ में यह भी सामने आया कि जाली नोटों की खेप चिरैया में किसी व्यक्ति को डिलीवर करनी थी। हालांकि, डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसका अभी पता नहीं चला है। पुलिस इस बिंदु पर गोपनीय तरीके से जांच कर रही है।

नेटवर्क की तलाश में पुलिस

पुलिस चिरैया क्षेत्र में भी संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की जांच कर रही है। जब्त सेलफोन से जाली नोटों के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। छापेमारी में लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार, दीपक, रिजर्व गार्ड और एसएसबी की टीम शामिल रही।