मोतिहारी में भद्दा मजाक करने से बढ़ा विवाद, बाइक चालक पर कैंची से किए पांच वार
मोतिहारी में भद्दे मजाक को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने बाइक चालक पर कैंची से हमला कर गंभीर ...और पढ़ें

HighLights
मोतिहारी में बाइक चालक पर कैंची से हमला हुआ।
पत्नी पर भद्दा मजाक करने से विवाद बढ़ा।
घायल चालक अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari Scissor Attack Case: नगर थाना क्षेत्र में टाटा मोटर्स के पास गुरुवार की रात भद्दा मजाक करने के विवाद में बाइक सवार युवक ने चालक पर कैंची से हमला कर दिया।
बाइक पर लिफ्ट देने वाले चालक अरुण कुमार पर पीछे बैठे युवक ने ताबड़तोड़ पांच वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
लिफ्ट देने पर शुरू हुआ विवाद
घायल की पहचान आदापुर थाना क्षेत्र के कलवारी मझरिया गांव निवासी प्रेम महतो के 30 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार के रूप में हुई है।
आरोपित की पहचान घोड़ासहन प्रखंड निवासी अरुण कुमार उर्फ अर्जुन के रूप में बताई गई है। घायल अरुण ने पुलिस को बताया कि उसकी मां मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और वह उनके लिए घर से खाना लेकर अस्पताल आ रहा था।
पत्नी पर मजाक से भड़का युवक
नरकटिया बाजार से कुछ दूरी पर एक युवक ने हाथ देकर बाइक से लिफ्ट मांगी तो अरुण ने उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में दोनों ने गुटखा खरीदा और खाया।
आरोप है कि इसके बाद युवक अरुण की पत्नी को लेकर भद्दा मजाक करने लगा, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कैंची से किए पांच वार
विवाद बढ़ने पर आरोपित ने जेब से कैंची निकालकर अरुण पर हमला कर दिया। उसने शरीर पर पांच जगह कैंची से वार किए, जिससे अरुण गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।
आरोपित गिरफ्तार, पूछताछ जारी
सड़क पर झगड़ा होते देख स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपित को पकड़कर नगर थाना ले जाया गया।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि दो युवकों के बीच आपसी विवाद में एक ने दूसरे पर कैंची से हमला किया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
