पूर्वी चंपारण : धर्मकांटा पर खड़े ट्रक में छिपी थी 400 लीटर स्प्रिट, चालक गिरफ्तार; डिलीवरी लेने वाला कौन?
मोतिहारी में पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र से एक ट्रक से 400 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की और चालक को ...और पढ़ें

पुलिस की कार्रवाई में जब्त स्प्रिट।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शहर के छतौनी थानाक्षेत्र स्थित धर्मकांटा पर खड़े एक ट्रक से 400 लीटर स्प्रिट मंगलवार को जब्त की गई।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 20 कंटेनरों में छिपाकर रखी स्प्रिट मिली। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्पिरिट की डिलीवरी किसे दी जानी थी।
सदर वन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मठिया स्थित एक निजी अस्पताल के आगे धर्मकांटा के समीप एक ट्रक खड़ा है।
ट्रक में अवैध स्प्रिट होने की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच ट्रक की जांच की। तलाशी के दौरान 20 कंटेनरों में 400 लीटर स्प्रिट बरामद मिली। इसके बाद ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक पर डिलेन फाइल कैरियर लिमिटेड कंपनी का सामान लदा है, जिसे कोलकाता के महुआ ब्रांच से मोतिहारी ब्रांच में अनलोड किया जाना था।
हालांकि, ट्रक में स्प्रिट मिलने के बाद पुलिस अब कंपनी के सामान की आड़ में स्प्रिट की ढुलाई किए जाने की आशंका की जांच कर रही है।
स्प्रिट के साथ दूसरे सामान भी मिले तलाशी के दौरान ट्रक से स्प्रिट के अलावा गीजर, हैंडपंप, डीपम तेल, हवाई चप्पल और सिलाई मशीन समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए है। पुलिस बरामद सामान के कागजात और ट्रक के रूट की भी जांच कर रही है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के हजपुरा निवासी राजीव कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर स्प्रिट के स्रोत और इसके संभावित खरीदार तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस का मानना है कि पूछताछ में अवैध स्प्रिट की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है। छापेमारी में सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार, रणधीर कुमार भट्ट छतौनी इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह, नगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन,, दारोगा अभिनव राज, जयंती कुमारी,अंकुल कुमार, राहुलदेव वर्मा व जवान शामिल थे।
