विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी में झोले में पांच पिस्टल लेकर पहुंचा तस्कर, डिलीवरी से पहले पुलिस ने बिगाड़ा खेल

Published: Thu, 20 Aug 2026 05:41 PM (IST)

मोतिहारी पुलिस ने रघुनाथपुर थाना क्षेत्र से एक हथियार तस्कर मो. अहमद को भारी मात्रा में अवैध हथियारों, मैगजीन और ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर।

पुलिस की गिरफ्त में तस्कर।

HighLights

  1. मोतिहारी में अवैध हथियार तस्कर मो. अहमद गिरफ्तार।

  2. पांच पिस्तौल, दस मैगजीन और कारतूस बरामद।

  3. गिरोह के सरगना और खरीदार की तलाश जारी।

संवाद सहयोगी, मोतिहारी । रघुनाथपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जिला आसूचना इकाई (डीआइयू) की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार, दस मैगजीन व कारतूस के साथ हथियार के एक सौदागर को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर गिरोह के मुख्य सरगना की खोज में छापेमारी की जा रही है।

सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियारों की बड़ी खेप लेकर रघुनाथपुर थानाक्षेत्र के मजुराहा स्थित फायरिंग रेंज के पास पहुंचने वाला है।

सूचना का सत्यापन करने के बाद तत्काल छापेमारी टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान झोला लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

पूछताछ में उसकी पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थानाक्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी मो. अहमद के रूप में की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से पांच पिस्टल, पांच कारतूस और 10 मैगजीन बरामद किया गया।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने बताया है कि सभी हथियार, मैगजीन और कारतूस मजुराहा फायरिंग रेंज के पास ही खरीदार को दिया जाना था। उसकी पहचान फोन नंबर से की जानी की थी।

पुलिस को संबंधित नंबर की जानकारी मिली है। जानकारी के आधार पर अब पुलिस गिरोह के सरगना की खोज कर रही है। पता चला है कि मो. अहमद गिरोह का एक सदस्य है। गिरोह में कई और लोग हैं, जिनकी खोज की जा रही है। साथ ही खरीदार की पहचान गिरफ्तार आरोपित के पास से मिले नंबर के आधार पर की जा रही है।

पहचान के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस जब्त हथियारों की जांच कर रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस बीच पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मुंगेर से लाए गए हथियार किस रास्ते मोतिहारी गए थे। मुंगेर से इनकी आपूर्ति किसने दी थी। छापेमारी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक सह तुरकौलिया थानाध्यक्ष रघुनाथपुर धनंजय कुमार, जिला आसूचना इकाई व रघुनाथपुर थाना की पुलिस शामिल थी।

  • मोतिहारी में अवैध हथियार की आपूर्ति करनेवाला गिरफ्तार, पिस्तौल, मैगजीन व कारतूस जब्त
  • समस्तीपुर के विभूतिपुर थानाक्षेत्र स्थित मुस्तफापुर का निवासी है गिरफ्तार मो. अहमद, पांच पिस्तौल, पांच मैगजीन व पांच कारतूस जब्त
  • रघनुथापुर थानाक्षेत्र के मजुराहां में की जानी थी हथियार की आपूर्ति, हथियार खरीदनेवाले का मोबाइल नंबर मिला, पुलिस कर रही पहचान
  • मुंगेर से लाए गए थे हथियार, गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर गिरोह के मुख्य सरगना की खोज में छापेमारी, मुंगेर कनेक्शन की भी हो रही जांच