मोतिहारी में मिली कथित पाकिस्तानी चादर की जांच करने पहुंची एटीएस, खरीदार नहीं मिला
मोतिहारी में कथित पाकिस्तानी चादर की जांच के लिए एटीएस टीम पहुंची, लेकिन चादर खरीदने वाले विपिन कुमार के गोरखपुर ...और पढ़ें

एटीएस की टीम अब थाने में संबंधित चादर और दोनों संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
संवाद सहयोगी, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। Motihari ATS Investigation: जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में मिले कथित पाकिस्तानी चादर का मामला अब जांच एजेंसियों तक पहुंच गया है।
मामले की जांच के लिए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम शनिवार को मोतिहारी पहुंची और रघुनाथपुर थाने में पूरे मामले की जानकारी ली।
हालांकि, जांच के लिए जिस चादर की पड़ताल की जानी थी, वह उपलब्ध नहीं हो सकी, क्योंकि चादर खरीदने वाले व्यक्ति विपिन कुमार फिलहाल गोरखपुर गए हुए हैं।
खरीदार के नहीं मिलने से रुकी जांच
पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को इसकी सूचना दी है। उनके लौटने के बाद चादर को एटीएस की टीम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल एटीएस की टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
छह अक्टूबर को आए थे युवक
जानकारी के अनुसार, छह अक्टूबर को रघुनाथपुर इलाके में दो संदिग्ध युवक चादर बेचने पहुंचे थे। चादर के पाकिस्तानी कनेक्शन की आशंका जताई गई थी। चादर बेचने के बाद दोनों युवक अचानक गायब हो गए।
बताया जाता है कि मामले की जानकारी रघुनाथपुर पुलिस तक पहुंची थी। पुलिस ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वे वहां से निकल चुके थे। एटीएस की टीम अब थाने में संबंधित चादर और दोनों संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
युवकों की पहचान अहम
चादर के थाने में नहीं मिलने के बाद उसकी उपलब्धता, वर्तमान स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई भी जांच का अहम हिस्सा बन गई है। दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान, उनके ठिकाने और चादर के स्रोत का पता लगाने में जांच टीम जुटी है।
हालांकि, चादर के पाकिस्तानी मूल की होने या किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मोतिहारी सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि रघुनाथपुर निवासी विपिन कुमार ने उक्त चादर खरीदी थी।
उनसे संपर्क किया गया है और वह फिलहाल गोरखपुर गए हुए हैं। उनके आने के बाद चादर को एटीएस की टीम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
