विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोतिहारी में जहां बनना था हवाई अड्डा, अब वहीं 25 एकड़ में बनेगा मेडिकल कालेज

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:30 AM (IST)

मोतिहारी में लंबे समय से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए हवाई अड्डा मैदान की 25 एकड़ भूमि का ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

सत्येंद्र कुमार झा, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। मोतिहारी में लंबे समय से प्रस्तावित मेडिकल कालेज की स्थापना के लिए भूमि की तलाश अब पूरी होती दिख रही है।

जिला प्रशासन ने शहर स्थित हवाई अड्डा मैदान की करीब 25 एकड़ भूमि पर मेडिकल कालेज की स्थापना करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।

सरकार के स्तर पर जिला प्रशासन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति मिलने के बाद मेडिकल कालेज की स्थापना की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

बता दें कि मेडिकल कालेज के लिए पूर्व में हवाई अड्डा मैदान के अलावा पीपराकोठी में भी भूमि चिन्हित की गई थी। हवाई अड्डा मैदान की भूमि को हवाई पट्टी के रूप में विकसित करने की तैयारी के कारण यहां मेडिकल कालेज की स्थापना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।

अब जिला प्रशासन की ओर से इसी भूमि पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव सरकार को भेजे जाने के बाद इसके उपयोग को लेकर तस्वीर साफ होती दिख रही है। बताया जाता है कि हवाई अड्डा मैदान में करीब 25 एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध है।

मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े संस्थान की स्थापना के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के कारण प्रशासन ने इस स्थल को उपयुक्त मानते हुए प्रस्ताव तैयार किया है। सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद भूमि के उपयोग, आवश्यक अधोसंरचना और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।

सुलभ शिक्षा के साथ बेहतर चिकित्सा का मिलेगा लाभ

मेडिकल कालेज व अस्पताल की स्थापना होने से पूर्वी चंपारण सहित आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

वर्तमान में गंभीर बीमारियों के उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज के साथ अस्पताल की सुविधा विकसित होने पर स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सक, आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

जिला प्रशासन की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अब सभी की नजर सरकार की सहमति पर टिकी है। स्वीकृति मिलने के बाद मोतिहारी में मेडिकल कॉलेज स्थापना की वर्षों पुरानी मांग को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ सकता है।

मेडिकल कालेज की स्थापना के लिए हवाई अड्डा की भूमि का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। सहमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुकेश कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता, पूर्वी चंपारण।