विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी चंपारण में निजी स्कूल की मैजिक वैन पलटी, बच्चों को छोड़कर फरार हुआ चालक

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:36 PM (IST)

पूर्वी चंपारण के मेहसी थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की मैजिक वैन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई, जिसमें ...और पढ़ें

गड्ढे में पलटी वैन। जागरण

गड्ढे में पलटी वैन। जागरण

संवाद सहयोगी, मेहसी (पूर्वी चंपारण)। जिले के मेहसी थाना क्षेत्र में निजी स्कूल की मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे के समय वैन में करीब 14 से 15 बच्चे सवार थे।

दुर्घटना के बाद चालक बच्चों को वैन में ही छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों को बाहर निकाला।

चालक से मोबाइल छीनने का आरोप

घटना मेहसी के बहादुरपुर गांव के पास हुई। एसटी पाल मिशन स्कूल की मैजिक वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे में नगर पंचायत मेहसी वार्ड नंबर 15 निवासी आयुष कुमार (9) और कटहां पंचायत वार्ड नंबर पांच निवासी प्रीतम कुमार (7) को आंशिक चोटें आई हैं।

आयुष ने बताया कि वैन चलने के दौरान कुछ अज्ञात बाइक सवार चालक से मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान हुई छीना-झपटी में चालक का संतुलन बिगड़ गया और मैजिक वैन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

बच्चों को छोड़कर भागा चालक

दुर्घटना के बाद चालक बच्चों को वैन में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रयास कर वैन को सीधा किया और उसे गड्ढे से बाहर निकाला।

इसके बाद सभी बच्चों को आनन-फानन में वाहन से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि गड्ढे में पानी नहीं था, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घायल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके स्वजन को सौंप दिया गया। समाचार लिखे जाने तक फरार चालक की पहचान नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक के फरार होने के संबंध में जानकारी जुटा रही है।