दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
जिले के पकड़ीदयाल थानाक्षेत्र के डीह गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है।
मोतिहारी। जिले के पकड़ीदयाल थानाक्षेत्र के डीह गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। महिला का इलाज छतौनी स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। महिला के बेहोश होने के कारण उसका बयान नहीं हो सका है। महिला के भाई अजय कुमार ने बताया कि उसकी बहन पुष्पा देवी की शादी 5 जून 2017 को पकड़ीदयाल थाना के डीह गांव निवासी संजय पासवान से हुई थी। शादी के बाद से ही चार पहिया वाहन के लिए ससुराल के लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में पुष्पा ने एसपी को आवेदन दिया। उस आधार पर प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में थानाध्यक्ष की मौजूदगी में पंचों के बीच पंचायत हुई। महिला को पुलिस अधीक्षक के पास बयान दिलाने के लिए रविवार को पति व परिवार के अन्य लोग लेकर आए थे। इसी दौरान वाहन में उसके साथ मारपीट की गई। इसी क्रम में वह कचहरी चौक के पास रेलवे फाटक के पास से फरार हो गई। इस आशय की जानकारी मुझे दी। इसके बाद उसे छतौनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाई ने बताया कि दीपावली के एक दिन पूर्व भी सुबह से शाम तक घर में बंद कर उसकी पिटाई की गई थी। 19 मई 2018 को भी उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।