पूर्वी चंपारण के Sand Artist मधुरेंद्र ने पत्तों को बनाया कैनवास, उकेरी BRICS के 9 राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीर
BRICS Summit World Leaders Leaf Art: पूर्वी चंपारण के अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र ने ब्रिक्स सम्मेलन के नौ देशों के ...और पढ़ें

अपनी कलाकृति के साथ मधुरेंद्र। फोटो सौ: स्वयं
सत्येंद्र कुमार झा, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। BRICS Summit World Leaders Leaf Art: सत्याग्रह की पावन भूमि पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन प्रखंड निवासी अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार मधुरेंद्र ने अपनी अनोखी कला से एक बार फिर दुनिया को चकित कर दिया है।
मधुरेंद्र ने सामूहिक भोज में उपयोग होने वाले साधारण पत्तों को कैनवास बनाकर उस पर ब्रिक्स सम्मेलन के नौ देशों के शीर्ष नेताओं की खूबसूरत तस्वीरें बनाई हैं।

वैश्विक नेताओं का अनोखा स्वागत
जब ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए विश्व भर के शीर्ष नेता भारत पहुंच रहे थे, तब मधुरेंद्र ने अपनी इस कलाकृति के जरिए सोशल मीडिया पर उनका स्वागत करते हुए 'वेलकम टू इंडिया' लिखा।

15 दिनों की कड़ी मेहनत
कलाकार मधुरेंद्र ने बताया कि पत्तों की अनोखी सतह पर चेहरे की सूक्ष्म रूपरेखा, आंखें, बाल और भाव-भंगिमाएं उकेरने में उन्हें करीब 15 दिनों का समय लगा।
इन नेताओं की बनाई तस्वीर
मधुरेंद्र द्वारा पत्तों पर बनाई गई तस्वीरों में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन शामिल हैं।

अन्य राष्ट्र प्रमुखों की कलाकृति
इसके साथ ही ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के चित्र भी शामिल हैं।
वैश्विक भाईचारे का अनूठा संदेश
मधुरेंद्र का कहना है कि इस कलाकृति का मुख्य उद्देश्य केवल चित्र बनाना नहीं, बल्कि कला के माध्यम से भारत की मेहमाननवाजी, शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाना है।

प्रयोगधर्मी कला का नया अध्याय
मधुरेंद्र अपनी कला में हमेशा नए-नए प्रयोगों के लिए जाने जाते हैं। वे पारंपरिक कैनवास के बजाय रेत, मिट्टी, कोयले की राख, पीपल के पत्ते और सब्जियों पर अपनी बारीक कलाकृतियां उकेरते रहे हैं।
