पूर्वी चंपारण के मधुबन में शराब माफिया ने पुलिस पर किया हमला, तीन सिपाही घायल
पूर्वी चंपारण के मधुबन में अवैध शराब पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ, जिसमें एक पुरुष और ...और पढ़ें

अवैध शराब के भंडारण व बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी पुलिस टीम।
संवाद सहयोगी, मधुबन (पूर्वी चंपारण)। Madhuban Police Attack: जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के लाही गांव में शुक्रवार रात अवैध शराब के भंडारण व बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ में शामिल धंधेबाजों के समर्थकों ने हमला कर दिया।
हमले में एक पुरुष और दो महिला सिपाही जख्मी हो गए। घायलों की पहचान विवेक कुमार, आरती कुमारी और सृष्टि तिग्गा के रूप में हुई है।
सीएचसी से सदर रेफर
तीनों को प्राथमिक उपचार के लिए मधुबन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुरुष सिपाही के चेहरे और नाक पर गंभीर चोट लगी है।
बताया जाता है कि लाही गांव में आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान मेले में शराब की बिक्री की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची और मंगल सहनी व वकील सहनी के घर की तलाशी शुरू की। घरवालों और आसपास के कुछ लोगों ने तलाशी का विरोध किया।
लाठी डंडे से हमला
इसी दौरान भीड़ में शामिल लोगों ने लाठी-डंडे से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में एक पुरुष और दो महिला आरक्षी जख्मी हो गए। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखते हुए मौके से 10 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
घटनास्थल से सात बाइक और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है। मामले में मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर निवासी कृष्णा कुमार और शिवहर जिले के मीनापुर बलहा निवासी जितेंद्र सहनी की भूमिका सामने आई है।
लाही गांव के सेना सहनी, संतोष सहनी, राजकुमार कुमार, प्रियंका कुमारी, पप्पू सहनी, राजनी कुमारी, खुशबू देवी और आशा देवी समेत अन्य के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
25 नामजद पर प्राथमिकी
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि गश्ती पदाधिकारी बृजभूषण सिंह के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले में 25 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
घटना से संबंधित वीडियो फुटेज और फोटो के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस मुजफ्फरपुर और शिवहर जिले के लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
