चाकू मार युवक को किया जख्मी
शहर के कोल्हूरवा चौक पर रविवार को हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मोतिहारी। शहर के कोल्हूरवा चौक पर रविवार को हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उसके शरीर पर पांच जख्म लगे हैं। पुलिस घटना में लिप्त युवकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बंजरिया थाना के दारोगा टोला निवासी राजा कुमार अपने घर से चौक पर चाय पीने जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे युवकों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ उसके शरीर पर हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
युवक के पीठ में तीन व जांघ में दो घाव लगे हैं। युवक की स्थिति चिताजनक बताई गई है। पुलिस को दिए गए आवेदन में जख्मी ने कहा है कि वह चाय पीने के लिए कोल्हूअरवा चौक पर जा रहा था। इसी दौरान इसी मोहल्ले के निवासी सोनू कुमार व विवेक कुमार ने चाकू मार जख्मी कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों की खोज तेज कर दी है। हालांकि, देर शाम तक दोनों में से किसी को पकड़ने में पुलिस कामयाब नहीं हो पाई थी। लगातार हो रहीं घटनाएं
याद रहे कि इस चौक पर लगातार चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। अब से दो दिन पहले भी कोल्हूअरवा चौक पर छौड़ादानो थानाक्षेत्र के जीतपुर निवासी छात्र अवनीश कुमार को भी चाकू मार जख्मी कर दिया गया था। उक्त युवक को भी चाकू मारने में सोनू कुमार शामिल था। पुलिस उस मामले में सोनू की खोज कर रही थी। इसी बीच उसने फिर उसने राजा को चाकू मार दिया। पुलिस इन दोनों मामले में हमलावरों की खोज कर रही है।